Monday, October 19, 2026
Home Hoshiarpur स्कूलों में साफ-सफाई और पानी की निकासी को लेकर जारी हुए सख्त...

स्कूलों में साफ-सफाई और पानी की निकासी को लेकर जारी हुए सख्त आदेश 

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला शिक्षा अधिकारी (सेकंडरी/एलीमेंट्री) ललिता अरोड़ा द्वारा स्कूलों में साफ-सफाई को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने सभी सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपलों और स्कूल मुखियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश का मौसम है, इसलिए स्कूल परिसर में कहीं भी पानी एकत्र न होने दिया जाए। ये आदेश माननीय डिप्टी कमिश्नर जी से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत जारी किए गए हैं, जो जिले में डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से सख्ती से लागू किए जा रहे हैं। आदेशों के अनुसार, स्कूलों की छतों पर पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए ताकि कहीं भी पानी जमा होकर डेंगू या अन्य मच्छर जनित बीमारियों का केंद्र न बन सके। स्कूल के कमरों के कोनों या आसपास पानी जमा न हो और न ही घास-फूस बढ़ने दी जाए। ललिता अरोड़ा ने कहा कि यह मौसम ऐसा होता है जब वायरल और मच्छरों के माध्यम से फैलने वाली बीमारियों के फैलने का खतरा काफी बढ़ जाता है।

Advertisements

इन बीमारियों में डेंगू, चिकनगुनिया और वायरल बुखार प्रमुख हैं, जो विद्यार्थियों की सेहत के लिए घातक साबित हो सकते हैं। इसलिए स्कूल प्रशासन की ज़िम्मेदारी है कि वे सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्कूल में साफ-सफाई या पानी की निकासी को लेकर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा विभाग द्वारा यह कदम विद्यार्थियों की सेहत और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए उठाए गए हैं। उम्मीद की जा रही है कि सभी स्कूल मुखिया इन आदेशों की पूरी तरह पालना करते हुए अपने स्कूलों को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here