
हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रजनीश शर्मा। टौणी देवी के पास बारी मंदिर में जल शक्ति विभाग का करीब बीस मीटर डंगा नेशनल हाइवे नंबर 3 पर गिरने के बाद बिखरी पाइपों को जल शक्ति विभाग ने उठा लिया है। टूटे डंगे पर तिरपाल लगा दी गई है। अभी भी इस स्थान पर खतरा बरकरार है। वाहन रिस्क लेकर निकल रहे हैं। घटना के 36 घंटे बाद भी एन एच निर्माण कंपनी ने सड़क से मलबा नहीं हटाया है। सड़क पर बिखरा मलबा दुर्घटना को न्यौता दे रहा है। घटना के बाद कंपनी की जेसीबी मशीन और साइट इंजीनियर बेशक कई बार यहां से गुजर चुके हैं लेकिन मलबा घटनास्थल पर अभी भी पड़ा हुआ है। क्या है मामला एनएच निर्माण के वक्त इस डंगे की नींव खोखली हो चुकी थी। बरसात में इस डंगे के गिरने को लेकर कई बार विभाग को आगाह किया गया था। इसके बावजूद इस डंगे के ऊपर बड़ी पाईप रख दिए गए। पिछले दो दिन से हल्के पत्थर यहां छूट रहे थे। बुधवार रात्रि को यह डंगा धड़ाम से गिर गया।

वीरवार सुबह फिर इसी जगह स्लाइडिंग हुई। अभी भी सफ़ेदे और आम के पेड़ अटके हुए हैं और वाहन रिस्क लेकर यहां से गुजर रहे हैं। वीरवार सुबह जलशक्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया जबकि निर्माण कंपनी का कोई कर्मचारी अभी तक मौके पर नहीं दिखा। इस बारे जल शक्ति विभाग बारी मंदिर सेक्शन के कनिष्ठ अभियंता पंकज ठाकुर ने कहा कि गिरी हुई पाईप हटाई जा चुकी हैं और स्लाइडिंग रोकने के लिए तिरपाल ढांप दिया गया है। हाइवे इंजीनियर अंकित कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे से मलबा हटाने के लिए मशीनरी मौके पर नहीं भेजी गई है। मलबा सड़क पर पड़ा है। फिलहाल हमीरपुर आवाहदेवी सड़क पर ट्रैफिक बहाल है।












