
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। हिसार के बास गांव बादशाहपुर में स्थित करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आया है। स्कूल के प्रिंसिपल जगबीर सिंह की दो छात्रों ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो छात्रों ने प्रिंसिपल जगबीर सिंह पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमले में जगबीर सिंह को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हांसी के एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि प्रिंसिपल जगबीर सिंह ने दोनों छात्रों को बाल काटकर आने और स्कूल में अनुशासन का पालन करने की सलाह दी थी। इस बात से नाराज होकर दोनों नाबालिग छात्रों ने आवेश में आकर प्रिंसिपल पर चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। उन्होंने आगे कहा कि दोनों आरोपी छात्र नाबालिग हैं और अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।











