
जालंधर (द स्टैलर न्यूज़)। जालंधर में देर रात मामूली विवाद को लेकर एक 23 साल के युवक पर तेजधार हथियार से वार करके हत्या कर दी गई। यह घटना भार्गव कैंप इलाके में हुई। इस घटना में मृतक युवक के दो साथी जख्मी हो गए है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया है। वहीं हत्या करने वाले दो आरोपियों को थाना भार्गव कैंप की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि जालंधर वेस्ट के एसीपी सरवनजीत सिंह ने की है। उन्होंने कहा- जल्द आरोपियों को पुलिस कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक भार्गव कैंप के रहने वाले कुंगरी नाम का व्यक्ति अपने बड़े बेटे विशाल और छोटे बेटे के साथ अपने रिश्तेदार वरुण के साथ किसी जान-पहचान वाले की आपसी लड़ाई को सुलझाने के लिए भार्गव कैंप पहुंचे थे। लेकिन वहां पहले से घात लगाए बैठे कुछ हथियारबंद युवकों ने इन तीनों पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वरुण (23) की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वरुण कुंगरी के साले का इकलौता बेटा था। वहीं, विशाल और उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।












