
पुणे (द स्टैलर न्यूज़)। पुणे जिले के बारामती में एक बैंक के ब्रांच मैनेजर ने बैंक में ही आत्महत्या कर ली। शव के पास से सुसाइड नोट बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि मौके से एक नोट बरामद हुआ है, जिसमें काम के दबाव का हवाला दिया गया है। उन्होंनें बताया कि करीब 40 वर्षीय शिवशंकर मित्रा ने गुरुवार देर रात बैंक परिसर में फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि शिवशंकर मित्रा 11 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों और कार्यभार का हवाला देते हुए बैंक के मुख्य प्रबंधक पद से इस्तीफा देने के बाद नोटिस अवधि पूरी कर रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘बैंकिंग समय खत्म होने के बाद मित्रा ने सभी कर्मचारियों को यह कहते हुए जाने को कहा कि वह शाखा बंद कर देंगे। चौकीदार रात करीब 9:30 बजे चला गया। मित्रा ने पहले एक सहकर्मी से रस्सी लाने को कहा था। रात करीब 10 बजे उन्होंने इसी रस्सी से फांसी लगा ली। यह घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।’ अधिकारी ने बताया कि उन्होंने नोट में किसी को दोषी नहीं ठहराया है। उन्होंनें बताया कि मामले की जांच जारी है।












