
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिले के सरकारी स्कूलों में पाठ्यक्रम की तैयारी के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाता है। सरकारी स्कूलों के अध्यापकों की मेहनत के परिणाम स्वरूप ही विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। यह जानकारी देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मैडम ललिता अरोड़ा ने बताया कि सरकारी हाई स्कूल जुझार चठीयाल के चार विद्यार्थी मानवी, आरुषि, हरनूर कौर तथा परनीत कौर का चयन सैंटर ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रियल चंडीगढ़ के प्रोग्राम एक दिन वैज्ञानिक की तरह में हुआ है। इसके लिए बच्चों का टेस्ट लिया गया था। राष्ट्रीय स्तर की खोज संस्था में यह विद्यार्थी पूरा दिन वैज्ञानिक की तरह बिताएंगे।

इस दौरान खोज कार्यों संबंधी जानकारी प्राप्त करेंगे, विज्ञान विषय से संबंधित क्रियाएं करेंगे तथा उन्हें वहां के वैज्ञानिकों के साथ बात करने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह जिले के लिए गर्व की बात है। ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों के ज्ञान में वृद्धि होती है तथा वह अपना लक्ष्य निर्धारित करने में सक्षम बनते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के इस स्कूल कि इस बड़ी प्राप्ति के लिए गाइड अध्यापक अमनप्रीत सहोता की सराहना की तथा भविष्य में उन्हें और भी बच्चे अच्छे कार्यक्रमों में भेजने के लिए प्रेरित किया।












