
गुरदासपुर (द स्टैलर न्यूज़), लवप्रीत खुशीपुर। गुरदासपुर के हरदोछन्नी मार्ग पर बरगर खा रहे युवकों पर कार सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे एक युवक की मौत हो गई तथा 4 गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दो की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें अमृतसर रैफर कर दिया गया है।

पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी थी। उपचाराधीन युवकों ने बताया कि वह बरगर खा रहे थे तथा इसी दौरान कार में सवार होकर आए युवकों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरु कर दी। हमलावरों ने मुंह ढके हुए थे तथा वारदात को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गए। गोलीबारी में गुरजीत सिंह निवासी कोट दीनानगर की मौत हो गई। घायलों की पहचान साहिल मसीह निवासी गांव पकीवां, हरनूर निवासी बुच्चेनंगल, गुरविंदर सिंह निवासी फैजलाबाद तथा गुरपाल सिंह निवासी जागोवाल बेड़ियां के रुप में हुई है।
घायलों के अनुसार उनकी किसी के साथ दुश्मनी नहीं है तथा हमलावरों को वह जानते तक नहीं। दूसरी तरफ पुलिस के अनुसार घायलों के मोटरसाइकिल से भी तेजधार हथियार बरामद हुए हैं तथा मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरु कर दी गई है। हमलावरों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।












