
हिमाचल प्रदेश (द स्टैलर न्यूज़)। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। जिसके बाद पीएम मोदी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए 1500 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता का ऐलान किया। पीएम मोदी ने इस दौरान मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र स्वयंसेवकों से भी भेंट की और राहत एवं बचाव कार्यों में उनके साहस और प्रयासों की सराहना की। गग्गल एयरपोर्ट पर पीएम ने मंडी के सराज की गोहर की 11 माह की नितिका के परिवार से भी मुलकात की।

पीएम ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि हिमाचल प्रदेश में भारी बाढ़ और लैंडस्लाइड से प्रभावित कुछ लोगों से बातचीत की। उनकी पीड़ा के साथ ही त्रासदी से हुआ नुकसान मन को व्यथित करने वाला है। खराब मौसम का संकट झेल रहे हर व्यक्ति तक राहत और सहायता पहुंचे, इसके लिए हम पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। साथ ही कहा कि हवाई सर्वेक्षण के जरिए हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। इसके साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।












