
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। क्रिस्टियानो रोनाल्डो दुनिया के पहले अरबपति फुटबॉलर बन गए है। रिपोर्ट के अनुसार 40 वर्षीय पुर्तगाली खिलाड़ी की कुल संपत्ति 1.4 अरब डॉलर (करीब 12,426 करोड़ रुपए) आंकी गई है। यह उपलब्धि किसी गोल या ट्रॉफी के लिए नहीं, बल्कि उनके बैंक बैलेंस और वित्तीय प्रबंधन की बदौलत हासिल हुई है। रोनाल्डो की कमाई का सबसे बड़ा हिस्सा उनके क्लब वेतन और बोनस से आता है।

यूरोप में उनका वेतन मेसी के बराबर था, लेकिन 2023 में सऊदी अरब के अल नास्र क्लब से साइन करने के बाद उनकी कमाई में बड़ा अंतर आया। ब्लूमबर्ग के अनुसार, इस सौदे के तहत उन्हें कर-मुक्त 200 मिलियन यूएस डॉलर वार्षिक वेतन और बोनस मिला, साथ ही 30 मिलियन यूएस डॉलर का साइनिंग बोनस भी दिया गया। 2002 से 2023 तक, रोनाल्डो ने कुल 550 मिलियन यूएस डॉलर से अधिक वेतन कमाया, जो उन्हें इतिहास के सबसे अधिक भुगतान पाने वाले खिलाड़ियों में से एक बनाता है। वेतन के अलावा, रोनाल्डो की संपत्ति का दूसरा बड़ा स्रोत ब्रांड एंडोर्समेंट्स और बिजनेस निवेश हैं।
नाइकी के साथ उनका दस साल का कॉन्ट्रैक्ट उन्हें हर साल करीब 18 मिलियन यूएस डॉलर की आमदनी देता है।
इसके अलावा अरमानी (Armani) और कैस्ट्रोल (Castrol) जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड्स से साझेदारी के जरिए उनकी संपत्ति में लगभग 175 मिलियन यूएस डॉलर का इजाफा हुआ है। उनका खुद का CR7 ब्रांड होटल, फिटनेस जिम और फैशन सेक्टर में एक सफल बिजनेस एम्पायर बन चुका है।साथ ही, उनके पास कई लग्जरी प्रॉपर्टीज भी हैं, जिनमें लिस्बन के पास स्थित क्विंटा दा मरिन्हा गोल्फ रिसॉर्ट की 20 मिलियन यूरो की संपत्ति भी शामिल है।












