Saturday, October 31, 2026
Home National एनएच-3 के अवैज्ञानिक निर्माण पर केंद्र और प्रदेश सरकार को नोटिस, 14...

एनएच-3 के अवैज्ञानिक निर्माण पर केंद्र और प्रदेश सरकार को नोटिस, 14 को अगली सुनवाई

हमीरपुर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-रजनीश शर्मा। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 03 (अटारी–लेह)  वाया हमीरपुर , समीरपुर, आवाहदेवी, सरकाघाट, धर्मपुर, कोटली , मंडी के हमीरपुर से मंडी खंड के निर्माण कार्य में कथित अवैज्ञानिक तरीके से कटाई और लापरवाही के लिए हाईकोर्ट ने प्रतिवादी केंद्र और राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। मुख्य न्यायाधीश गुरमीत सिंह संधावालिया और न्यायाधीश जियालाल भारद्वाज की खंडपीठ ने इस मामले को एक अन्य जनहित याचिका के साथ जोड़ दिया है। अब इन दोनों याचिकाओं की सुनवाई 14 अक्तूबर को होगी।

Advertisements

याचिका में कहा गया है कि तल्याहड़ से लगधर के बीच एनएच के निर्माण कार्य में पहाड़ियों की अवैज्ञानिक तरीके से कटाई, नालों में मलबा फेंकने और प्राकृतिक जल धाराओं के प्रवाह को मोड़ने जैसी गंभीर अनियमितताएं की जा रही हैं। इन कारणों से क्षेत्र में भूस्खलन से कृषि भूमि, मकानों व अन्य जन संपत्ति को भारी क्षति पहुंचा है।  तीन वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य अधूरा है। अब तक केवल लगभग 20 फीसदी कार्य ही पूरा हुआ है। जो काम हुआ है, उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। 

याचिका में मांग की गई है कि एक स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच समिति गठित की जाए, जो परियोजना की गुणवत्ता, सुरक्षा और प्रगति का मूल्यांकन करे। उधर मलबे के ढेर पर बने डंगे गिरने तथा अब  बिना सरिया डाले नए डंगे लगाने पर भी निर्माण कंपनी के इंजीनियरों पर सवाल उठ रहे हैं। गुणवत्ता  और एलाइनमेंट को लेकर निर्माण कंपनी की पहले ही किरकिरी हो चुकी है। 

कई नए बने बाईपास आज भी स्तरहीन काम होने से बंद पड़े हैं। कोट से लेकर धर्मपुर तक  का हाइवे निर्माण कंपनी के अनुभवहीन और स्तरहीन निर्माण कार्य को दर्शा रहा है। कई जगह मलबे के ढेर पर ही नेशनल हाइवे बना दिया गया है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here