Friday, October 30, 2026
Home National दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद भड़की आग, जिंदा जला ड्राइवर,...

दो ट्रकों की जोरदार टक्कर के बाद भड़की आग, जिंदा जला ड्राइवर, मौके पर मौ-त

कैथल (द स्टैलर न्यूज़)। कैथल के कलायत में नेशनल हाइवे 152 पर एक ट्रक ने मार्ग पर खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में पीछे से आ रहे ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक में मिथनॉल ऑयल भरा हुआ था। इस हादसे में ऑयल से भरे ट्रक का ड्राइवर उसके अंदर ही जल गया और उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के जिला जालौर के गांव सोंगरावास निवासी पीरा राम के रूप में हुई है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

Advertisements

जानकारी के अनुसार पीरा राम राजस्थान से मिथनॉल ऑयल लेकर अंबाला जा रहा था। जब उसका ट्रक गांव शिमला के पास पहुंचा तो वहां सड़क पर एक ट्रक खड़ा था। इस ट्रक में धान लदा हुआ था और उसका चालक टायर चेक करने के लिए नीचे उतरा हुआ था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे मिथनॉल ऑयल से भरे ट्रक ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद दोनों ट्रकों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ऑयल से भरे ट्रक का चालक बाहर नहीं निकल पाया और अंदर ही जलने से उसकी मौत हो गई।

राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया। कलायत थाना प्रभारी रणदीप सिंह ने बताया कि पुलिस को डायल-112 के माध्यम से गांव शिमला के पास ट्रक में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर 2 ट्रकों में आग लगी मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि धान से लदे ट्रक का चालक टायर चेक कर रहा था, तभी पीछे से आए ऑयल से भरे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here