
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। एचडीसीए ट्रेनिंग सेंटर से प्रशिक्षण ले रही खिलाड़ी अंजलि शीमर, पूजा, शिवानी व निरंका का पंजाब अंडर-23 महिला कैंप में चयन होने पर एचडीसीए में खुशी का माहौल है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एचडीसीए सचिव डा. रमन घई ने बताया कि होशियारपुर की यह चारों होनहार खिलाड़ी इससे पहले भी पंजाब अंडर-19 टीम में तथा पंजाब यूनिवर्सिटी टीम का नेतृत्व कर चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि 1 नवंबर से 10 नवंबर तक लुधियाना में लगने वाले इस कैंप में पीसीए के मुख्य कोचों की देखरेख में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा व अभ्यास मैच खेलाए जाएंगे। डा. घई ने बताया कि इस कैंप में बढ़िया प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का प्रदर्शन के आधार पर पंजाब टीम के लिए चयन किया जाएगा। खिलाड़ियों के पंजाब कैंप में चयन पर एचडीसीए अध्यक्ष डा. दलजीत खेला ने समूह एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्हें अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
खिलाड़ियों के चयन पर जिला महिला कोच दविंदर कौर, निकिता कुमारी, जिला कोच दलजीत सिंह, सहायक कोच दलजीत धीमान, पंकज पिंका व जिला ट्रेनर व पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर कुलदीप धामी ने खिलाड़ियों को उनके चयन पर बधाई दी।












