
श्रीनगर (द स्टैलर न्यूज़)। श्रीनगर के पुराने फतेह कदल इलाके में आग लगने की खबर सामने आई है। हालांकि दमकल विभाग ने इस पर काबू पा लिया। लेकिन इस घटना में कई रिहायशी घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलने के बाद, बाबदेम स्टेशन से दमकल गाड़ियां सबसे पहले पहुंचीं। इसके तुरंत बाद मुख्यालय, शहीदगंज, हब्बा कदल और सफा कदल स्टेशनों से अतिरिक्त सहायता भेजी गई।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग में तीन रिहायशी घर जलकर खाक हो गए। बताया जा रहा है कि शहीदगंज स्टेशन के एक दमकलकर्मी को ऑपरेशन के दौरान चोटें आईं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। ज़ख्मी का नाम मुहम्मद रफीक है। हालांकि पुलिस ने आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए मामला दर्ज कर लिया है। इस मौके पर संबंधित विधायक शमीमा फिरदौस मौके पर पहुंचीं और अग्नि पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें पूरी मदद का आश्वासन दिया। पुलिस इस हादसे की जाँच कर रही है।












