
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। पिछले कल नारायण नगर में सायं करीब साढे 5 बजे कार सवारों पर सफारी सवारों द्वारा हमला किए जाने तथा कार सवारों द्वारा जन बचाने के चक्कर में एक महिला को टक्कर मारे जाने से उसकी मौत होने के मामले में नया मोड़ आया है। हालांकि यह जांच की विषय है, लेकिन फिलहाल यह बात सामने आ रही है कि दो पक्षों में हुए झगड़े में कार सवार युवकों के साथ नाजायज होने संबंधी मामला प्रकाश में आ रहा है। क्योंकि, जिस गाड़ी पर हमला किया गया, उसमें सवार युवकों का हमलावरों के साथ किसी तरह का कोई झगड़ा नहीं था और न ही कोई रंजिश थी, जिसके बारे में जांच जारी है। लेकिन गलतफहमी में हमलावरों ने कार सवार युवकों को अपना विरोधी पक्ष समझ लिया और उन पर हमला कर दिया तथा गोलियां भी चलाईं। जिसमें एक गोली कार सवार युवक के सिर में लगने से उसकी हालत गंभीर बनी हुई है तथा सिविल अस्पताल में लाए जाने के बाद उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया था, जहां पर उसके आप्रेशन संबंधी प्रक्रिया को अमल में लाया जा रहा है। कार में सवार तीन दोस्तों में एक के पिता पुलिस में हैं, दूसरे के पिता डाक्टर हैं तथा तीसरे के पिता फोटोग्राफर बताए जा रहे हैं व अभी तक तीनों दोस्तों के नाम साफ नहीं हो पाए हैं, सिर्फ राबिन का नाम ही पता चला है, जिसके सिर में गोली लगी है। पुलिस द्वारा इनके कनैक्शन संबंधी भी जांच की जा रही है।

जानकारी अनुसार राजिंदर राणा एवं जंगली ग्रुप के बीच काफी रंजिश चल रही है और उनका कई बार झगड़ा भी हो चुका था। पिछले कल उनके मामले संबंधी अदालत में तारीख थी तथा उसी दौरान दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। जिसकी रंजिश के चलते दूसरे पक्ष ने शाम को पहले पक्ष पर हमले की योजना बनाई और नारायण नगर स्थित उनके घर की तरफ कूच कर दिया। जब वह वहां पहुंचे तो जहां हमलावरों ने जहां गाड़ी रोकी उसके पास ही सड़क के साइड में खाली प्लाट में एक सफेद रंग की कार खड़ी थी, जिसमें तीन दोस्त बैठे हुए थे। हमलावरों ने सफारी से उतरते ही कार सवारों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। कार सवार युवक हमले से बुरी तरह घबरा गए और उन्होंने हमलावरों से बचने के लिए कार दौड़ा ली। कार सवार युवक इतने घबरा गए थे कि कार चला रहे युवक को समझ ही नहीं आ रहा था कि वह किस तरफ जाए और कितनी तेजी से जाएं। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि साइड में खड़ी कार सवारों पर किस तरह से हमला किया गया और वह किस तरह से अपनी जान बचाने के लिए भागे। यह भी बात सामने आ रही है कि उक्त युवक कचहरी में हुई लड़ाई के समय मौजूद थे, जिस संबंधी पुष्टि नहीं हुई।
एक और सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें कार सवारों द्वारा जब बचाव में कार को भगाया गया तो पीछे से फायर भी किया गया, जो किसी के घर पर जाकर लगा तथा फायर लगने से मिट्टी झड़ती हुई भी दिख रही है, जो जांच का विषय है। हमले के दौरान एक गोरी कार में सवार युवक के सिर में लग, जिसका नाम रोबिन बताया जा रहा है, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। घबराए युवकों की कार पहले ईंटों के चक्के से टकराई और बाद में कार ने एक बुजुर्ग महिला जीवन लत्ता को टक्कर मार दी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। बुरी तरह से डरे एवं सहमे हुए युवक कार छोड़ वहां से भाग गए ताकि लोग या हमलावर उन्हें न पीटें। सारा वाक्य इतनी जल्दी हुआ कि युवकों को कुछ भी समझने या किसी को बताने का मौका ही नहीं मिला। इस हादसे को जहां गैंगवार के रुप में देखा जा रहा था, वहीं लोगों में रोष की लहर भी दौड़ गई थी।
लेकिन धीरे-धीरे जैसे ही मामले की सच्चाई सामने आ रही है तो लोगों की सहानुभूति युवकों के साथ जुड़ने लगी है। क्योंकि, जिन युवकों पर हमला हुआ वह छोटी उम्र के युवा हैं और किसी का किसी भी तरह के लड़ाई झगड़े से कोई लेना देना नहीं है। पता चला है कि जिस युवक के सिर में गोली लगी है उसका पीजीआई में आप्रेट चल रहा है तथा दूसरे दोनों युवाओं को भी चोटें आने के चलते उनका भी इलाज करवाया जा रहा है। मामले में जो तथ्य सामने आए उनके हिसाब से हमने आप तक जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया है तथा फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की तरफ से किसी भी तरह का औपचारिक बयान नहीं आया है। मामले में पुलिस क्या कार्यवाही करती है या जांच में और क्या सामने आता है यह तो आने वाला समय ही बताएगा, फिलहाल गोली लगने से घायल युवक के कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना ही की जा सकती है।












