
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सायबल सैल पुलिस ने धीरज शर्मा पुत्र सुरेश कुमार शर्मा निवासी हरी नगर की शिकायत पर गत दिवस सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाले जाने के संबंध में जांच हेतु मामला दर्ज किया था। पुलिस ने उस मामले की छानबीन करने दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री सुन्दर शाम अरोड़ा के करीबी राजिंदर परमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार राजा ठाकुर नाम से फेक आई-डी बनाकर राजिंदर परमार ही सोशल मीडिया पर विधायक ब्रमशंकर जिम्पा, मेयर सुरिंदर कुमार, धीरज शर्मा व उसके दोस्त व अन्य करीबियों गलत कामेंट एवं पोस्टें डालता था। इस बात का पता चलने पर कि पुलिस ने राजिंदर परमार को गिरफ्तार कर लिया है, के बाद कांग्रेसी कार्यकर्ता साइबर सैल के बाहर जमा हो गए और उन्होंने पुलिस की कार्यवाही को धक्केशाही बताया। लेकिन पुलिस ने गेट बंद कर लिया और अंदर कार्यवाही को अंजाम देती रही।

जानकारी अनुसार पिछले माह 10 अक्टूबर 2025 को धीरज शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी कि कोई व्यक्ति (राजा ठाकुर व डडवाल विजय के नाम से बनाई फेक आई-डी) सोशल मीडिया पर उनके, रिश्ते में उनके चाचा राजेश्वर दयाल बब्बी (विधायक जिम्पा के बड़े भाई), बिन्दू शर्मा, पुनीत जैन, तरुण, सचिन गुप्ता, विक्रम शर्मा बोबी के नाम लिखकर गलत पोस्टें डालता हैं। इतना ही नहीं उनके द्वारा गत दिवस विधायक ब्रमशंकर जिम्पा व मेयर सुरिंदर कुमार संबंधी भी बहुत ही गलत पोस्ट शेयर की थी।
पुलिस ने शिकायत पर कार्यवाही करते हुए राजा ठाकुर व डडवाल विजय के नाम से आई-डी चलाने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 338, 336(3), 336(4), 340(2), 356(2), 351(2), 61(2) व आईटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने एक फेक आई-डी चलाने के आरोप में पूर्व मंत्री अरोड़ा के करीबी राजिंदर परमार को गिरफ्तार करके आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। इस बारे में साइबल सैल इंचार्ज राजिंदर सिंह से संपर्क किया गयास पर उनका फोन स्विच आफ आने के कारण उनसे बात नहीं हो पाई। लेकिन सूत्रों से पता चला है कि पुलिस ने दूसरे व्यक्ति की पहचान भी कर ली है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है और जल्द ही वह भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।












