
चंडीगढ़ (द स्टैलर न्यूज़)। चंडीगढ़ के मुद्दे पर पंजाब की सियासत के बीच चल रही हलचल के बीच केंद्र सरकार ने अपना स्पष्टीकरण जारी किया है। गृह मंत्रालय की तरफ से कहा गया है कि चंडीगढ़ के साथ पंजाब या हरियाणा के परंपरागत संबंधो को परिवर्तित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है, सिर्फ कानून बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है। चंडीगढ़ के लिए सिर्फ केंद्र सरकार द्वारा कानून बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने का प्रस्ताव अभी केंद्र सरकार के स्तर पर विचाराधीन है। इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

इस प्रस्ताव में किसी भी तरह से चंडीगढ़ की शासन-प्रशासन की व्यवस्था या चंडीगढ़ के साथ पंजाब या हरियाणा के परंपरागत संबंधों को परिवर्तित करने की कोई बात नहीं है। चंडीगढ़ के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी हितधारकों से पर्याप्त विचार विमर्श के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा। इस विषय पर चिंता की आवश्यकता नहीं है। आने वाले संसद के शीतकालीन सत्र मे इस आशय का कोई बिल प्रस्तुत करने की केंद्र सरकार की कोई मंशा नहीं है।











