
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अज्जोवाल मे स्कूल इंचार्ज लेक्चरर अमरीक सिंह के नेतृत्व में संविधान दिवस के संबंध में सेमिनार का आयोजन किया गया | सेमिनार में मैडम अर्चना, संगीता सैनी,राजिंदर कौर विशेष तौर पर शामिल हुए | इस मौके पर मैडम अर्चना ने कहा कि संविधान हमें एक आजाद देश का आजाद नागरिक होने की भावना का एहसास कराता है | जहां संविधान के दिए मौलिक अधिकार हमारी ढाल बनकर हमें हमारा हक दिलाते हैं वहीं इसमें दिए मौलिक कर्तव्य हमें हमारी जिम्मेदारी का भी अहसास करवाते हैं |उन्होंने कहा कि हमारा देश जब आजाद हुआ था तो हमारे पास कोई संविधान नहीं था | संविधान के बिना देश नहीं चलाया जा सकता था | इसलिए इसको बनाने के लिए एक संविधान सभा का गठन किया गया था | 26 नवंबर 1949 को देश की संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को अपनाया था |

उन्होंने कहा कि यह संविधान ही है जो अलग-अलग धर्म तथा जातियों की भारत की 140 करोड़ की आबादी को एक सूत्र में जोड़ता है | इसी संविधान के तहत हमारे देश के सभी कानून बनते हैं | संविधान के तहत ही सुप्रीम कोर्ट, हाई कोर्ट सहित देश की सभी अदालतें, संसद , राज्यों के विधान मंडल, प्रधानमंत्री सहित इसी के तहत काम करते हैं | संविधान दिवस पर हमें जीवन भर अपने मौलिक कर्तव्य और देश के कानून का पालन करने का प्रण लेना चाहिए |इस मौके पर स्कूल इंचार्ज अमरीक सिंह ने कहा कि हमें इस बात का फख्र है कि हमारे देश के सभी काम संविधान के अनुसार ही होते हैं | उन्होंने कहा कि हमारा संविधान सबसे लंबा संविधान है | जिसमें हर चीज पूरी तरह से स्पष्ट तौर पर अंकित है| इस मौके पर बच्चों के भाषण मुकाबले तथा पोस्टर मेकिंग मुकाबले भी करवाए गए।












