
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी द्वारा 17 अक्टूबर को CHC बिनेवाल, गढ़शंकर में विशेष नेत्र जांच कैंप लगाया जाएगा। कैंप की तैयारियों को लेकर सिविल सर्जन, होशियारपुर के साथ बैठक कर आवश्यक प्रबंधों पर चर्चा की गई। कैंप में कॉर्निया से संबंधित मरीजों के साथ-साथ मोतियाबिंद के मरीजों की भी जांच की जाएगी। मरीजों की जांच सिविल अस्पताल होशियारपुर के नेत्र विशेषज्ञ डॉ. परमिंदर कौर व उनकी टीम द्वारा की जाएगी। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श एवं आगे के उपचार के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डा. मंदीप कमल ने कैंप के आयोजन को महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य कैंपों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होती हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से कैंप के सफल आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग एवं प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसाइटी के प्रधान जे.बी. बहल ने कहा कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक नेत्र जांच और उपचार की सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि जिन लोगों को आंखों व कॉर्निया से संबंधित परेशानी है या लंबे समय से आंखों की जांच नहीं करवाई है, वे 17 अक्टूबर को सी. एच. सी बिनेवाल पहुंचकर कैंप का लाभ उठाएं।उन्होंने कहा कि आंखों की बीमारी की समय पर पहचान और जांच से मरीज को उचित उपचार दिलाने में मदद मिलती है। संस्था भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के कार्य जारी रखेगी।
इस अवसर पर सचिव प्रो. दलजीत सिंह ने बताया कि शिविर में मरीजों की जांच के बाद जिन मरीजों को कॉर्नियल ट्रांसप्लांट की आवश्यकता होगी, उन्हें आगे के उपचार की प्रक्रिया के संबंध में उचित जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉर्निया संबंधी समस्याओं के कारण दृष्टिबाधित लोगों की मदद करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति कॉर्नियल अंधेपन से पीड़ित है, तो उसे 17 अक्टूबर को सी.एच.सी. बिनेवाल (गढ़शंकर) में आयोजित होने वाले निःशुल्क जांच शिविर में अवश्य लेकर आएं, ताकि उसकी जांच कर कॉर्निया प्रत्यारोपण करवाया जा सके। इस अवसर पर जसवीर कंवर, मदन महाजन, कृष्ण किशोर व अन्य उपस्थित थे।











