
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़), नीरज धीमान। शिक्षा विभाग द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी (एलिमेंट्री और सेकेंडरी) को मिड-डे मील योजना को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार, स्कूलों में मिड-डे मील बनाने वाले सभी ‘कुक-कम-हेल्पर’ का मेडिकल चेकअप करवाना अब अनिवार्य कर दिया गया है। यह जांच सरकारी डिस्पेंसरी या सिविल अस्पताल से करवाई जाएगी और इसकी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर संबंधित बीपीईओ (BPEO) के माध्यम से मुख्य कार्यालय को भेजनी होगी।

लापरवाही पर स्कूल प्रमुखों की होगी व्यक्तिगत जिम्मेदारी, एक हफ्ते में मांगी रिपोर्ट
किचन गार्डन और ‘तिथि भोजन’ पर जोर शिक्षा विभाग ने स्कूलों में ‘स्कूल न्यूट्रिशन गार्डन’ की महत्ता पर जोर देते हुए निर्देश दिया है कि सभी स्कूलों में सब्जियां और फल उगाए जाएं । जिन स्कूलों में कच्ची जगह या जमीन की कमी है, उन्हें गमलों में बेल वाली सब्जियां उगाने के लिए कहा गया है । इसकी विस्तृत रिपोर्ट ई-पंजाब पोर्टल पर अपलोड करनी होगी । इसके साथ ही, विभाग ने ‘तिथि भोजन’ (Tithi Bhojan) योजना को बढ़ावा देने के लिए गांव और शहर के गणमान्य व्यक्तियों को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा है।
लापरवाही पर होगी सीधी कार्रवाई यह निर्देश 17 दिसंबर को मुख्य कार्यालय में हुई बैठक के बाद जारी किए गए हैं । शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी । यदि इन निर्देशों के पालन में कोई कोताही पाई जाती है, तो इसकी सीधी और निजी जिम्मेदारी संबंधित स्कूल प्रमुख की होगी ।












