Monday, October 19, 2026
Home Hoshiarpur पंजाब सरकार का लक्ष्य, बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त करना: संदीप सैनी

पंजाब सरकार का लक्ष्य, बाल भिक्षावृत्ति से मुक्त करना: संदीप सैनी

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। बैकफिंको पंजाब के चेयरमैन संदीप सैनी ने कहा कि मान सरकार की स्पष्ट सोच और मजबूत इच्छाशक्ति के चलते राज्य में बाल भिक्षावृत्ति के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है। इसी दिशा में चलाए जा रहे राज्य स्तरीय विशेष अभियान ‘प्रोजेक्ट जीवन जोत 2.0’ के अंतर्गत अब तक उल्लेखनीय परिणाम सामने आए हैं।

Advertisements

संदीप सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 1,023 बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराया जा चुका है, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इनमें से 336 बच्चों का स्कूलों में दाखिला करवाया गया है, ताकि वे शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें। इसके अलावा 8 बच्चों को आंगनवाड़ी केंद्रों में दाखिल कर प्रारंभिक शिक्षा और पोषण से जोड़ा गया है।

उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से संबंध रखने वाले 38 बच्चों को स्पॉन्सरशिप स्कीम का लाभ प्रदान किया गया है, जिससे उनकी पढ़ाई और आवश्यकताओं में कोई बाधा न आए। यह पहल बच्चों को भीख से निकालकर उन्हें सम्मानजनक भविष्य की ओर ले जाने की मजबूत कड़ी है।

चेयरमैन संदीप सैनी ने कहा कि मान सरकार का उद्देश्य केवल बच्चों को भिक्षावृत्ति से मुक्त कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर जीवन देना है। इसके लिए समाज की सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने समस्त पंजाबवासियों से अपील की कि यदि कहीं भी भीख मांगते बच्चे दिखाई दें, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें, ताकि समय रहते बच्चों को सुरक्षित कर उनके भविष्य को संवारा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here