
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़): सेना, पैरामिलिट्री तथा पंजाब पुलिस में भर्ती होने के इच्छुक युवकों को प्रोत्साहित करने के लिए कोऑर्डिनेटर बहादुर सिंह सुनेत की अध्यक्षता में सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल अज्जोवाल में एक सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में सेवा मुक्त जनरल जे.एस. ढिल्लों, सेवा मुक्त कर्नल मलूक सिंह व सी.पाइट इंचार्ज सूबेदार गुरनाम सिंह विशेष तौर पर शामिल हुए। इस मौके पर बहादुर सिंह सुनेत ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सेना में भर्ती होना हम सब का एक सपना होता है। लेकिन कई बार उचित मार्गदर्शन न होने के चलते हम भर्ती होने से रह जाते हैं। उन्होंने कहा कि सी. पाइट. तलवाड़ा में इस की ट्रेनिंग करवाई जा रही है। इसके लिए ऑनलाइन फॉर्म भरे जा रहे हैं।

सूबेदार गुरनाम सिंह ने कहा कि कैंप में ट्रेनिंग के दौरान निशुल्क होसटल की सुविधा के साथ-साथ रहने और खाने-पीने का प्रबंध निशुल्क होगा। इसके अतिरिक्त ट्रेनिंग के लिए 400 मीटर ट्रैक, खेलने के लिए मैदान तथा उच्च स्तरीय कंप्यूटर रूम और जिम हाल की व्यवस्था भी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गर्व की बात है कि पिछले महीनो के दौरान ही अज्जोवाल गांव के सलम एरिया का एक लड़का अग्निवीर में भर्ती हुआ है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि अगर उन्हें किसी तरह की भी कोई मुश्किल आती है तो वह अपने स्कूल के प्रिंसिपल के साथ संपर्क साधकर उपरोक्त कोर्सों के लिए फॉर्म भर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनरल जे. एस. ढिल्लों का परिवार पिछली पांच पुश्तों से सेना में सेवा कर रहा है। हम सबके लिए यह गर्व की बात है कि वह आज इस सेमिनार में उपस्थित होकर युवकों के लिए प्रेरणा स्रोत का काम कर रहे हैं। अंत में स्कूल की प्रिंसिपल रविंदर कौर तथा स्कूल इंचार्ज अमरीक सिंह ने आए हुए अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में बच्चे सेना, पैरा मिलिट्री तथा पंजाब पुलिस में भर्ती होने के अपने सपने को साकार कर सकेंगे। इस मौके पर टेक्निकल विशेषज्ञ रविंदर कौर, गुरप्रीत सिंह, जितेंद्र कौर, प्रवीण कुमार, मैडम रजनीश तथा उपेंद्र सिंह भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।












