Tuesday, October 20, 2026
Home Chandigarh अमेरिका द्वारा टैरिफ में कटौती से भारतीय निर्यात को मिलेगा बड़ा बढ़ावा:...

अमेरिका द्वारा टैरिफ में कटौती से भारतीय निर्यात को मिलेगा बड़ा बढ़ावा: हरीश चौधरी

मोहाली (द स्टैलर न्यूज़)। आई डी स्टील इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हरीश चौधरी ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार के क्षेत्र में हाल ही में हुए सकारात्मक घटनाक्रमों का स्वागत करते हुए इसे भारत के निर्यात क्षेत्र के लिए अत्यंत उत्साहजनक बताया है। उन्होंने यूरोपीय नेतृत्व के साथ भारत सरकार की सफल व्यापार वार्ताओं तथा यूनाइटेड स्टेट्स द्वारा आयात शुल्क में 18 प्रतिशत तक की कटौती के निर्णय को भारतीय निर्यातकों के लिए बड़ी राहत करार दिया।

Advertisements

हरीश चौधरी ने कहा कि अमेरिकी सरकार द्वारा टैरिफ में की गई कटौती से भारतीय व्यापार और कृषि-आधारित उत्पादों को विशेष लाभ मिलेगा। इससे स्टील, एग्रो-प्रोसेसिंग और वैल्यू-एडेड कृषि उत्पादों के क्षेत्र में निर्यात के नए अवसर खुलेंगे। उनके अनुसार यह निर्णय भारतीय निर्माताओं और किसानों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा को मजबूत करेगा।
पंजाब के संदर्भ में उन्होंने कहा कि जहां एक ओर अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीतियां भारत के पक्ष में होती जा रही हैं, वहीं राज्य सरकार को भी औद्योगिक माहौल को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने बेहतर बुनियादी ढांचे, मजबूत कानून-व्यवस्था और उद्योगों से जुड़े प्रमुख मुद्दों के समाधान पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि राज्य में नए निवेश आकर्षित किए जा सकें।

उन्होंने आगे कहा कि पंजाब एक प्रमुख कृषि-औद्योगिक राज्य है और उचित नीतिगत समर्थन के साथ यहां कृषि निर्यात और औद्योगिक उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि की अपार संभावनाएं हैं। यदि आधारभूत संरचना, ‘ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस’ और औद्योगिक सुरक्षा को मजबूत किया जाए, तो पंजाब देश का अग्रणी निर्यात-उन्मुख राज्य बन सकता है।
अंत में हरीश चौधरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से ही पंजाब में सतत औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति सुनिश्चित की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here