
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। गांव जलोटा में जल अर्पण दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गांव वासियों को पानी की बचत, सही उपयोग और संरक्षण के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में जल आपूर्ति एवं स्वच्छता समिति के चेयरमैन हरिंदर सिंह, जल आपूर्ति विभाग के अधिकारी तथा गांव के निवासी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि जलोटा की जल आपूर्ति योजना को समिति द्वारा बहुत ही सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। समिति के सदस्य तन-मन-धन से योजना की देखभाल कर रहे हैं और गांव वासियों को शुद्ध एवं साफ पीने योग्य पानी उपलब्ध करवाया जा रहा है।

इस मौके पर डॉ. जसपाल सिंह (एक्स. एमओ) ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पीने के पानी का संरक्षण और बचत आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि पानी की बेकार बर्बादी रोकी जाए और स्वस्थ जीवन के लिए शुद्ध पानी के महत्व को समझा जाए।
इस अवसर पर हरबीर सिंह (सीडीएस), अंजू शर्मा (आईईसी), पंप ऑपरेटर भूपिंदर सिंह, पंचायत सदस्य, गांव के बुजुर्ग और महिलाएं भी मौजूद थी। जीपीडब्ल्यूएससी के चेयरमैन द्वारा सरकार का गांव में जल आपूर्ति योजना बनाने के लिए धन्यवाद किया गया तथा कार्यक्रम में शामिल हुए सभी लोगों का भी धन्यवाद किया गया।











