Thursday, October 22, 2026
Home Hoshiarpur अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 21 उत्कृष्ट महिला बीएलओज सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 21 उत्कृष्ट महिला बीएलओज सम्मानित

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब के निर्देशों के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर आज जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में जिले की 21 बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली महिला बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओज) को सम्मानित किया गया। यह सम्मान डिप्टी कमिश्नर -कम- ज़िला निर्वाचन अधिकारी आशिका जैन के निर्देशों पर नगर निगम कमिश्नर ज्योति बाला मट्टू की ओर से किया गया। जिसमें महिला बीएलओ को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर उनके कार्य की सराहना की गई।

Advertisements

इस अवसर पर कमिश्नर नगर निगम ज्योति बाला मट्टू ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने में बूथ लेवल अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि महिला बीएलओ ने अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी के साथ निभाया है, जो लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अहम योगदान है।

उन्होंने कहा कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन से पहले प्री-रिवीजन और प्री-मैपिंग के कार्य के दौरान महिला बीएलओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित की और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि यह कार्य आसान नहीं होता, लेकिन महिला बीएलओ ने अपनी मेहनत और समर्पण से इसे सफल बनाया है।

कमिश्नर नगर निगम ने सभी सम्मानित महिला बीएलओ को उनकी उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के लिए बधाई देते हुए कहा कि उम्मीद है कि वे आगे भी इसी तरह समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करती रहेंगी।

इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र 39 मुकेरियां से निशा कुमारी, आशा रानी, सुषमा कुमारी को  सम्मानित किया गया।  विधानसभा क्षेत्र 40-दसूहा से कमला देवी, नीलम देवी, अगम कुमारी को, विधानसभा क्षेत्र 41-उड़मुड़ से हरनीश कौर, गुरदीप कौर, सरबजीत कौर को सम्मानित किया गया। विधानसभा क्षेत्र से 42-शाम चौरासी से नीलम कुमारी, सुमन कुमारी,शांति देवी, विधानसभा क्षेत्र 43-होशियारपुर से गुरप्रीत कौर, अबनिंदर कौर, कुलविंदर कौर को सम्मानित किया गया। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 44-चब्बेवाल से अमिता चड्ढा
बलविंदर कौर, अबिनाश कौर और विधानसभा क्षेत्र 45-गढ़शंकर से अमरजीत कौर, इंदरजीत कौर  व सरबजीत कौर को सम्मानित किया गया। इस मौक़े पर चुनाव तहसीलदार हरमिंदर सिंह, चुनाव कानूनगो दीपक कुमार, हरप्रीत कौर, लखवीर सिंह भी मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here