
कैथल (द स्टैलर न्यूज़)। कैथल के गांव स्यू माजरा में खेत में काम के दौरान हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप धारण कर लिया। इस घटना में एक व्यक्ति की गोली लगने कारण मौत हो गई। मृतक के भतीजे सतनाम सिंह ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे वह अपने चाचा गुरविंदर सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ी लेकर खेत से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह नहर के पास पहुंचे, तभी गांव के ही प्रताप सिंह ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से रास्ता अपना निजी बताते हुए वहां से गुजरने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

आरोप है कि प्रताप सिंह ने गुस्से में आकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। उसने तीन गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां सतनाम सिंह की ओर चलाई गईं, जबकि तीसरी गोली गुरविंदर सिंह की छाती में जा लगी। जिसके बाद परिजनों उसे तुरंत सरकारी अस्पताल गुहला ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने गुरविंदर को मृत घोषित कर दिया। डॉ. तेजेंद्र सिंह के अनुसार, गोली मृतक की छाती के ऊपरी हिस्से में लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।











