
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। पूर्वोत्तर नाइजीरिया के एक सुदूर गांव में इस्लामी चरमपंथियों ने अचानक हमला कर 11 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस हमले में दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आतंकियों ने बोर्नो प्रांत के पुबागु गांव को निशाना बनाया, जो कुख्यात सांबिसा जंगल की सीमा पर बसा है। यह इलाका लंबे समय से चरमपंथी गतिविधियों का केंद्र रहा है।

स्थानीय परिषद के अध्यक्ष मवाडा सैदू उबा ने बताया कि पुबागु गांव को अब तक सुरक्षित स्थानों में गिना जाता था और यहां पहले कभी ऐसा हमला नहीं हुआ था। इस अचानक हुई हिंसा से स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। हमले के बाद भारी सुरक्षा और गमगीन माहौल में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। ग्रामीणों ने इस बर्बर हमले के लिए आतंकी संगठन ‘बोको हराम’ को जिम्मेदार ठहराया है।












