
हरियाणा (द स्टैलर न्यूज़)। डयहां किठवाडी गांव से एक दुखदायक खबर सामने आई है। एक मां और उसकी चार साल की बेटी की पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्याकांड के बाद पति अपने तीन महीने के बेटे को लेकर फरार हो गया। महिला के मायके वाले जब पहुंचे तो मां-बेटी के शव आंगन में पड़े मिले। दोनों के शरीर पर चोटों और नाक-कान से खून बहने के निशान थे। मृतका के भाई का आरोप है कि ससुराल वाले स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये मांग रहे थे। उसकी शिकायत पर चांदहट थाना पुलिस ने पति धर्मवीर के अलावा देवर, दो ननदों और सास-ससुर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

उत्तर प्रदेश के निवासी नरवीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन मितलेश की शादी साल 2020 में धर्मवीर से हुई थी। शादी के बाद से ही धर्मवीर, देवर कर्मवीर, सास प्रेमवती, ससुर दयाचंद, ननद रेखा और अनीता दहेज में जमीन, स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। दहेज न देने पर मितलेश को कई बार प्रताड़ित किया गया और मारपीट की गई।
भाई के अनुसार, हाल ही में मितलेश ने बेटे को जन्म दिया था। जब वह अस्पताल में भर्ती थी, तब आरोपियों ने दहेज की मांग को लेकर उसकी मां राजवती के साथ भी मारपीट की थी। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
भाई ने बताया कि बीती शाम मित्रोल निवासी पवन ने फोन कर बहन मितलेश और भानजी मुकली की मौत की सूचना दी। मितलेश का तीन माह का बेटा गायब है।
चांदहट थाना प्रभारी हरिकृष्ण ने बताया कि पुलिस को शाम को मां-बेटी की हत्या की सूचना मिली थी। छह लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। तीन महीने के बच्चे के लापता होने का भी आरोप है, जिसकी जांच जारी है।












