Monday, October 26, 2026
Home Hoshiarpur बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी, कार्यकर्ता पंजाब व पंजाबियत की...

बंगाल के बाद अब पंजाब की बारी, कार्यकर्ता पंजाब व पंजाबियत की रक्षा हेतु संकल्पबद्ध हों: डॉ. रैना

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी की जिला संगठनात्मक बैठक जिला अध्यक्ष निपुण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी एवं राष्ट्रीय सचिव डॉ. नरेन्द्र सिंह रैना विशेष रूप से उपस्थित हुए। इस मौके पर प्रदेश संगठन की ओर से उनके साथ प्रदेश महामंत्री राकेश राठौड़ तथा जिला प्रभारी राकेश शर्मा भी मौजूद रहे। जिला इकाई की ओर से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोमप्रकाश कैथ, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला, पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना, पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद, पूर्व मंत्री बीबी महिन्द्र कौर जोश, प्रदेश सचिव मीनू सेठी, निमिषा मेहता, डॉ. दिलबाग राय सहित अन्य पदाधिकारियों ने डॉ. रैना का स्वागत किया।

Advertisements

बैठक के दौरान डॉ. रैना ने मंडल अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने आगामी स्थानीय निकाय एवं विधानसभा चुनावों को देखते हुए प्रत्येक बूथ पर मजबूत एवं सक्रिय बूथ कमेटियों के गठन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर पर जितना मजबूत होगा, पार्टी उतनी ही मजबूती के साथ जनता के बीच कार्य करेगी।

इस अवसर पर डॉ. रैना ने पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी में भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए को मिली ऐतिहासिक विजय पर कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की राजनीति पर जनता की मुहर है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति को पूरी तरह नकार चुकी है तथा भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों पर विश्वास जता रही है।

डॉ. रैना ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए लोकतंत्र को मजबूत करने का कार्य किया और जनता ने भाजपा को अभूतपूर्व समर्थन दिया। असम और पांडिचेरी में भी जनता ने विकास और स्थिर सरकार के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है।

उन्होंने कहा कि बंगाल की ऐतिहासिक जीत के बाद अब पंजाब की बारी है। पंजाब की जनता बदलाव चाहती है और प्रदेश को भ्रष्टाचार, नशे, कानून व्यवस्था की बदहाली तथा परिवारवाद की राजनीति से मुक्त करवाने के लिए भाजपा ही एक मजबूत विकल्प बनकर उभरी है।

डॉ. रैना ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे पंजाब और पंजाबियत की रक्षा के लिए कमर कस लें तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए संकल्पबद्ध होकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने के लिए जुट जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही पंजाब को विकास, सुरक्षा, उद्योग, युवाओं को रोजगार और किसानों को सम्मान दिलाने का कार्य कर सकती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के सहयोग से आने वाले समय में पंजाब में भी कमल खिलना तय है।इस मौके सभी मंडल अध्यक्ष,जिला पदाधिकारी,और सेल इंचार्ज उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here