Wednesday, October 28, 2026
Home National भयंकर आग लगने से 3 दुकानें जलकर राख, 2 मकानों को भी...

भयंकर आग लगने से 3 दुकानें जलकर राख, 2 मकानों को भी पहुंचा नुकसान

जम्मू-कश्मीर (द स्टैलर न्यूज़)। अखनूर-जोड़ियां मुख्य मार्ग पर भयंकर आग लगने का समाचार मिला है। भीषण आग लगने से  तीन दुकानें जलकर राख हो गईं और पीछे बने दो मकानों को भी नुकसान पहुंचा। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों सहित छह घंटे से अधिक चले राहत कार्य के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।

अखनूर कस्बे में अखनूर-जोड़ियां मुख्य सड़क मार्ग पर कल सुबह भीषण आग लगने से तीन दुकानें जलकर राख हो गईं जबकि पीछे बने दो मकानों को भी नुकसान पहुंचा। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते काला धुआं पूरे कस्बे में फैल गया और दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

Advertisements

जानकारी के अनुसार सुबह करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने टिके ट्रेडर्स हार्डवेयर एवं सेनेटरी शोरूम से काला धुआं उठता देखा। लोगों ने तुरंत दमकल विभाग, पुलिस तथा दुकान मालिकों को सूचना दी। जब तक दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचतीं आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और साथ लगती ओपीकेएल ट्रेडर्स हार्डवेयर दुकान तथा बाबू राम स्वीट्स तक फैल गई।

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां, जल शक्ति विभाग के पानी से भरे टैंकर तथा पुलिस टीम लगातार राहत कार्य में जुटी रही। दमकल विभाग की लैडर वाली बड़ी गाड़ी भी मौके पर पहुंची, जिसकी सहायता से ऊपरी मंजिलों पर पानी डाला गया। हार्डवेयर स्टोर में रखे सामान के कारण आग इतनी तेज थी कि दमकल कर्मियों का अंदर जाना भी मुश्किल हो गया।


आग के चलते दुकानों के पीछे बने दो मकानों को भी नुकसान पहुंचा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जेसीबी मशीन से पीछे की दीवारों को तोड़ा गया ताकि दबाव के कारण कोई बड़ा हादसा न हो। आग की लपटें छत तक पहुंच गई थीं और छत फटने से आग बाहर फैल रही थी।


घटना के दौरान भगवती मेडिकल क्लीनिक सहित आसपास की अन्य दुकानों को भी एहतियातन खाली करा लिया गया। आग बुझाने का अभियान छह घंटे से अधिक समय तक जारी रहा, हालांकि समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था।

अखनूर पुलिस ने थाना प्रभारी डॉ. अहमद के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। मौके पर एसडीएम अखनूर मुख्तार लोन, एसडीपीओ अखनूर वरिंदर गुप्ता, तहसीलदार नरेश कुमार तथा फायर एवं इमरजेंसी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

विधायक अखनूर मोहन लाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश भी दिए। घटना के चलते अखनूर-जोड़ियां मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और पुलिस को ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here