Monday, October 19, 2026
Home Crime दीपिका हत्याकांड मामलाः पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए कई खुलासे, शरीर पर मिले...

दीपिका हत्याकांड मामलाः पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए कई खुलासे, शरीर पर मिले गंभीर चोटों के निशान

नोएडा (द स्टैलर न्यूज़)। ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में दहेज की लालच ने एक बार फिर होनहार बेटी की जिंदगी ले ली। शादी के महज 14 महीने बाद ही विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गांव कूड़ी खेड़ा बादलपुर निवासी विवाहिता के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है स्कॉर्पियो गाड़ी और एक करोड़ रुपये दहेज में देने के बाद भी ससुराल वालों का मन नहीं भरा। वे फॉर्च्यूनर कार की मांग करने लगे। इसी को लेकर दीपिका नागर (24) की पिटाई की गई और फिर तीसरी मंजिल से फेंककर हत्या कर दी गई। वहीं, ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने बताया कि मानसिक प्रताड़ना के कारण विवाहिता ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दीपिका नागर की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Advertisements

रिपोर्ट में शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों का खुलासा हुआ है, जो किसी हिंसक घटना या बेरहमी से की गई मारपीट का इशारा कर रहे हैं। मामले की जांच अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दीपिका के शरीर पर कई जगह चोटें, सूजन और गहरे घाव मिले हैं। सबसे बड़ी चोट चेहरे के दाहिने हिस्से पर पाई गई, जहां करीब 12 सेंटीमीटर लंबा और 9 सेंटीमीटर चौड़ाई में गहरा कंट्यूजन (भीतरी चोट) मिला है। बाएं हाथ की कोहनी और फोरआर्म पर भी चोट के निशान पाए गए। रिपोर्ट में सबसे गंभीर बाहरी चोट दाहिने पैर की जांघ पर दर्ज की गई है। यहां लगभग 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा दबाव और नीला निशान पाया गया है। इसके अलावा बाएं घुटने पर भी हड्डी तक गहरा घाव मिला है। कमर और पेट के निचले हिस्से में भी चोटों के निशान दर्ज किए गए हैं।

दाहिने कूल्हे के ऊपर गोल आकार की अंदरूनी चोट भी पाई गई है। दोनों हाथों और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई चोट और दबाव के निशान मिले हैं। बाएं कान से खून निकलने की बात भी सामने आई है। आंतरिक जांच में और भी गंभीर तथ्य सामने आए। डॉक्टरों ने मस्तिष्क के मध्य और बायीं ओर हेमेटोमा यानी खून का थक्का पाया। इसके अलावा तिल्ली फटी हुई मिली और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव दर्ज किया गया। रिपोर्ट में हृदय के चैंबर खाली होने और बाईं किडनी के पीले होने का भी उल्लेख किया गया है। हालांकि मौत के सटीक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here