Saturday, October 17, 2026
Home Hoshiarpur ट्यूबवेलों पर जनरेटर लगाने की योजना लागू करे सरकार: संजीव अरोड़ा

ट्यूबवेलों पर जनरेटर लगाने की योजना लागू करे सरकार: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शहर में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती के कारण पेयजल आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय जब लोगों को सबसे अधिक पानी की आवश्यकता होती है, उसी समय बिजली बंद होने के कारण ट्यूबवेल नहीं चल पाते और कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित हो जाती है। इसका सीधा असर बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और नौकरीपेशा लोगों की दिनचर्या पर पड़ रहा है। उक्त विचार व्यक्त करते हुए भारत विकास परिषद के अध्यक्ष एवं प्रमुख  समाजसेवी संजीव अरोड़ा ने कहा कि बच्चों को सुबह स्कूल जाने से पहले नहाना और तैयार होना होता है, वहीं दफ्तर जाने वाले लोगों को भी समय पर तैयार होकर अपने कार्यस्थल पहुंचना पड़ता है। लेकिन पानी की कमी के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों में रसोई का कार्य प्रभावित हो रहा है, महिलाओं को खाना बनाने, बर्तन साफ करने और अन्य घरेलू कार्यों में परेशानी उठानी पड़ रही है।

Advertisements

कई क्षेत्रों में लोगों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है।और श्री अरोड़ा ने  सरकार व प्रशासन से मांग की है कि शहर के सभी ट्यूबवेलों पर जनरेटर की व्यवस्था की जाए ताकि बिजली कटौती के बावजूद पानी की सप्लाई लगातार जारी रह सके। लोगों का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में अक्सर जिस इलाके में ट्यूबवेल लगा होता है, उसी क्षेत्र में बिजली कट लगा दिया जाता है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बिजली उपलब्ध रहती है। जब दूसरे इलाके में बिजली कट लगता है तब ट्यूबवेल वाले क्षेत्र में बिजली आ जाती है। इस असंगठित व्यवस्था के कारण जलापूर्ति सही ढंग से नहीं हो पाती और हजारों लोग पानी से वंचित रह जाते हैं।और श्री अरोड़ा ने कहा कि पानी प्रत्येक नागरिक की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। यदि ट्यूबवेलों पर जनरेटर लगाए जाएं तो बिजली न होने की स्थिति में भी मोटरें चलती रहेंगी और लोगों को समय पर पानी मिल सकेगा। इससे न केवल आम जनता को राहत मिलेगी बल्कि गर्मी के मौसम में उत्पन्न होने वाली जल संकट की समस्या से भी काफी हद तक निजात मिलेगी और श्री अरोड़ा ने कहा कि सरकार को इस विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तुरंत आवश्यक निर्देश जारी करने चाहिए।

शहर के लोगों को रोजाना पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है विशेष तौर पर जो शहर के साथ लगते इलाके हैं वहां पर पानी के सप्लाई की समस्या ज़्यादा है और कई बार  लोगों को दूर-दूर से पानी भरकर लाना पड़ता है। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। और श्री अरोड़ा ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान निकालेगी और ट्यूबवेलों पर जनरेटर लगाने की योजना लागू करेगी ताकि हर क्षेत्र में नियमित पानी की सप्लाई सुनिश्चित हो सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के साथ जल संकट और गंभीर रूप धारण कर सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here