
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। पंजाब के मेरिटोरियस स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए ग्यारहवीं कक्षा (11वीं क्लास) की कुल 4600 सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इसके लिए पहली काउंसलिंग 22 मई, 29 मई, 1 जून और 2 जून 2026 को सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक राज्य के विभिन्न जिलों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. प्रवेश परीक्षा के आधार पर तैयार जेंडर-वाइज मेरिट लिस्ट के मुताबिक ही छात्रों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है.

काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल :
· 22 मई 2026 (शुक्रवार): लड़कियां (सीरियल नंबर 1 से 954) और लड़के (सीरियल नंबर 1 से 329).
· 29 मई 2026 (शुक्रवार): लड़कियां (सीरियल नंबर 955 से 2129) और लड़के (सीरियल नंबर 330 से 1282).
· 1 जून 2026 (सोमवार): लड़कियां (सीरियल नंबर 2130 से 3305) और लड़के (सीरियल नंबर 1283 से 2235).
· 2 जून 2026 (मंगलवार): लड़कियां (सीरियल नंबर 3306 से 4479) और लड़के (सीरियल नंबर 2236 से 3188).
जरूरी नियम और योग्यता
· दसवीं के अंक: एससी/एसटी (SC/ST) कैटेगरी के छात्रों के लिए दसवीं में न्यूनतम 65% अंक और बाकी सभी कैटेगरी के छात्रों के लिए न्यूनतम 70% अंक होना अनिवार्य है. इससे कम अंक वाले छात्रों के दाखिले पर विचार नहीं किया जाएगा.
· दस्तावेज : उम्मीदवारों को अपनी कैटेगरी से संबंधित असली सर्टिफिकेट और उनकी फोटोकॉपी साथ लानी होगी. डिजीलॉकर से डाउनलोड किया गया दसवीं का सर्टिफिकेट तभी मान्य होगा जब उस पर स्कूल प्रिंसिपल के हस्ताक्षर और मोहर लगी होगी.
· आरक्षण : मेरिटोरियस स्कूल तलवाड़ा (जो केवल लड़कियों के लिए है) को छोड़कर, कुल स्वीकृत सीटों में से 60% सीटें लड़कियों के लिए और 40% सीटें लड़कों के लिए आरक्षित हैं. इसके अलावा, आटा-दाल स्कीम के तहत 10%, दिव्यांग लड़कियों के लिए 10%, दिव्यांग लड़कों के लिए 5% और ‘विमेन हेडेड हाउसहोल्ड’ (Women Headed Household) के लिए 20% सीटें आरक्षित हैं.
· सीधा दाखिला: पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं की परीक्षा में पहली 10 पोजीशन हासिल करने वाले छात्र बिना काउंसलिंग के किसी भी मेरिटोरियस स्कूल में सीधा दाखिला ले सकते हैं.
सोसाइटी ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग में बुलाए जाने का मतलब दाखिला पक्का होना नहीं है. सीट अलॉट होने के बाद छात्र को 2 दिनों के भीतर अलॉट हुए स्कूल में रिपोर्ट करनी होगी, अन्यथा उसकी सीट खाली समझकर रद्द कर दी जाएगी और दावा खत्म हो जाएगा. ताजा अपडेट के लिए छात्र विभाग की आधिकारिक वेबसाइट (https://www.ssapunjab.org/) चेक करते रहें.












