Wednesday, October 28, 2026
Home Hoshiarpur वोटर सूचियों में धांधली के खिलाफ भाजपा का धरना, पंजाब सरकार की...

वोटर सूचियों में धांधली के खिलाफ भाजपा का धरना, पंजाब सरकार की मनमानी के खिलाफ संघर्ष का ऐलान

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। जिला भाजपा अध्यक्ष निपुण शर्मा की अध्यक्षता में निगम चुनाव अधिकारी और एसडीएम होशियारपुर के दफ्तर के बाहर नगर निगम चुनावों की वोटर सूचियों में कथित धांधली और निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

Advertisements

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार की धक्केशाही और मनमानी के चलते वोटर सूचियों में भारी गड़बड़ियां सामने आ रही हैं, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व निगम मेयर शिव सूद ने जब निगम अधिकारी गुरमेल सिंह से वार्डबंदी के प्रमाणित नक्शे के संबंध में जानकारी मांगी तो इस पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके पास वार्डबंदी का कोई प्रमाणित नक्शा उपलब्ध नहीं है, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।उसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस धांधली के खिलाफ पुरजोर प्रदर्शन किया।

भाजपा की ओर से मांग की गई कि नगर निगम चुनावों से संबंधित एतराज प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया जाए तथा पंजाब सरकार की 31–12–2025 की गजट नोटिफिकेशन के अनुसार वोटर सूचियों में संशोधन किया जाए। इसके साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा दिए गए एतराजों को निर्धारित समय सीमा में सुनकर उचित सुधार किए जाएं। भाजपा ने यह भी मांग रखी कि आम जनता की सुविधा के लिए शनिवार और रविवार को भी एतराज दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रखी जाए।

धरने के दौरान उपस्थित रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम ने भाजपा नेताओं की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उन्हें जायज बताया और आश्वासन दिया कि इस संबंध में संबंधित बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि वोटर सूचियों में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जा सके।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि पंजाब सरकार ने अपनी मनमानी और तानाशाही रवैया बंद नहीं किया, तो पार्टी इसके खिलाफ सड़कों से लेकर अदालत तक संघर्ष करेगी। भाजपा शहरवासियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी नगर निगम चुनाव प्रक्रिया का अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसके लिए कोई भी कानूनी कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगी।

उन्होंने अंत में कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा का यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा और जनता के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस मौके पार्षद नरिंदर कौर, पार्षद गुरप्रीत कौर, पार्षद सुनीता,जिंदू सैनी,अशोक कुमार शोकी, संजू अरोड़ा,उमेश जैन,अश्वनी गैंद,जसविंदर सिंह,भारत भूषण वर्मा,राजा सैनी, एडवोकेट गौरव गर्ग,गुरमेल सिंह धालीवाल,बलविन्द्र सिंह, प्रेम बजाज, जगमोहन नरुला,अवतार सिंह कंग, गगनदीप सैनी,रमेश ठाकुर,रजत शर्मा,दिलबाग बागी,त्रिशला शर्मा,संतोष वशिष्ठ, मंजू,शिवम ओहरी, सूरज शर्मा, वरुण पंडित,राजन सैनी,लवली, सन्नी पंडित, विजय मल्ल,आदि उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here