
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज)। विधायक ब्रम शंकर ज़िम्पा ने आज विधायक चब्बेवाल डॉ. इशांक कुमार, संत महापुरुषों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित संगत की गरिमामयी मौजूदगी में नलोइयां चौक के सौंदर्यीकरण उपरांत उसका नामकरण ‘शहीद बाबा दीप सिंह जी चौक’ के रूप में कर शहरवासियों व संगत को समर्पित किया। इस अवसर पर धार्मिक श्रद्धा, सामाजिक एकता और ऐतिहासिक विरासत के प्रति गहरा सम्मान देखने को मिला। समारोह के दौरान चौक में स्थापित खंडा साहिब को पंजाब पुलिस की टुकड़ी की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक एवं गौरवमयी बना दिया।

विधायक ज़िम्पा ने कहा कि यह चौक पहले से ही शहर का एक महत्वपूर्ण स्थल रहा है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पठानकोट तथा माता चिंतपूर्णी की ओर जाते हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से गुरुद्वारा शहीद सिंहा की संगत तथा शहरवासियों की यह भावना थी कि नलोइयां चौक का सौंदर्यीकरण कर इसका नाम महान शहीद बाबा दीप सिंह जी के नाम पर रखा जाए, ताकि यह स्थान श्रद्धा, वीरता और बलिदान की प्रेरणा का केंद्र बन सके।
उन्होंने कहा कि शहीद बाबा दीप सिंह जी का जीवन साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए समर्पण का सर्वोच्च उदाहरण है। उनके नाम पर चौक का नामकरण पूरे शहर के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। इससे युवाओं और आने वाली पीढ़ियों को सिख इतिहास और महान शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।
विधायक ज़िम्पा ने विशेष रूप से संत बाबा रंजीत सिंह जी के प्रयासों और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, आशीर्वाद और संगत की निरंतर मांग के चलते यह पुनीत कार्य साकार हो पाया है। उन्होंने कहा कि संत महापुरुष सदैव समाज को भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश देते हैं तथा उनके सान्निध्य से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने बताया कि संगत की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नगर निगम और जिला प्रशासन के साथ तालमेल स्थापित कर चौक के सौंदर्यीकरण तथा नामकरण संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध पूरे किए गए। विधायक ज़िम्पा ने नगर निगम और जिला प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनभावनाओं और धार्मिक आस्था से जुड़े कार्यों को पूरी मर्यादा और सम्मान के साथ पूरा करना उनकी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मेयर सुरिंदर कुमार, सतवंत सिंह सियान, संजय शर्मा, हरविंदर विरदी, मुकेश मल्ल, वरिंदर शर्मा, कमलजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत और शहरवासी उपस्थित थे।












