
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। ऊना रोड वार्ड नंबर 6 में गौतम नगर पार्क के पास लगाए गए ट्यूबवैल की मोटर का उद्घाटन से पहले ही खराब होना निगम में फैले भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। ट्यूबवैल का उद्घाटन न होने के कारण लोगों को दो दिन तक पानी के लिए परेशान होना पड़ा तथा आनन-फानन में अधिकारियों ने दूसरे ट्यूबवैल से कनेक्शन करके जनता को पानी की सप्लाई देकर अपने किए भ्रष्टाचार पर पानी फेरने की कोशिश की है। लेकिन यह जनता है सब जानती है। जिसका हिसाब आने वाले चुनाव में किया जाएगा।

यह बात पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी सेवा दल के सचिव अशोक सूद हैप्पी ने उक्त ट्यूबवैल का मौका मुआयना करने दौरान कही। उन्होंने कहा कि निगम और ट्यूबवैल विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर ट्यूबवैल में लगाए जा रहे सामान की जांच करके रिपोर्ट बनानी चाहिए थी, लेकिन शायद उनके पास इतना भी समय नहीं है। लेकिन, सत्ताधारियों की जी-हजूरी में उनके द्वारा कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही। जिसका खामियाजा शहर निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। इसके साथ ही विकास के नाम पर पैसा सत्ताधारियों या अधिकारियों का नहीं बल्कि आम जनता के टैक्स का पैसा ही तो बर्बाद हो रहा है। हैप्पी सूद ने कहा कि उक्त कार्य में हुई अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के लिए जेई, एसडीओ तथा एक्सीयन के साथ-साथ जिस ठेकेदार ने काम किया है उन सभी की जांच करके उन पर कार्यवाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द उक्त ट्यूबवैल को ठीक करके चालू किया जाए और लोगों के घरों तक पानी पहुंचाया जाए।
इस मौके पर बलवीर कंवर, राज कुमार शर्मा, सूरज प्रकाश शर्मा, संदीप ठाकुर, राकेश साहनी, सुरेन्द्र कुमार, सतीश सेठी, अनूप कुमार, अरविंद शर्मा, जस्सी सैनी, नीरज कुमार, बिन्दू सूद, वैभव सोनी, अर्पण सूद, गुलशन राय, राजीव कुमार, मोहित गुप्ता, राज कुमार कोहली, शाम लाल, चमन लाल, राजू आदि मौजूद थे तथा उन्होंने भी नए ट्यूबवैल में हुए भ्रष्टाचार की जांच की मांग की।











