Monday, October 5, 2026
Home Education स्कूलों में नशों के खिलाफ छिड़ेगी जंग: ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के...

स्कूलों में नशों के खिलाफ छिड़ेगी जंग: ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत जारी हुआ विस्तृत शेड्यूल

द स्टैलर न्यूज (द स्टैलर न्यूज़), नीरज धीमान: पंजाब को नशा मुक्त बनाने की दिशा में राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, पंजाब ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। SCERT द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, राज्य के सभी सरकारी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए “युद्ध नशों के विरुद्ध” और ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत साल भर चलने वाली विशेष गतिविधियों का शेड्यूल जारी किया गया है।

Advertisements

स्कूलों में नियुक्त होंगे नोडल अधिकारी और गुप्त बॉक्स

SCERT पंजाब की डायरेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के तहत, स्कूलों में इन गतिविधियों की निगरानी के लिए जिला स्तर पर एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जिसमें ‘नवचेतना मॉड्यूल’ के तहत प्रशिक्षित शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, पंजाब के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में एक ‘गुप्त सूचना बॉक्स’ लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। इस बॉक्स में छात्र, शिक्षक या नॉन-टीचिंग स्टाफ नशीले पदार्थों की बिक्री या इस्तेमाल से जुड़ी कोई भी जानकारी गुप्त पर्ची के माध्यम से दे सकेंगे। साथ ही, सभी स्कूलों के 500 मीटर के दायरे को सख्ती से ‘ड्रग-फ्री ज़ोन’ घोषित करने के आदेश दिए गए हैं।

जुलाई से फरवरी तक का मासिक परीक्षा और गतिविधि शेड्यूल

छात्रों को जागरूक करने के लिए शैक्षणिक सत्र के दौरान हर महीने विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे:

·         जुलाई: सुबह की सभा (मॉर्निंग असेंबली) में छात्रों को नशा न करने की शपथ दिलाई जाएगी, कार्यशालाएं (वर्कशॉप) और नशा विरोधी भाषण मुकाबले होंगे। इसके साथ ही कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए वीडियो आधारित पाठ्यक्रम के चार साप्ताहिक सत्र शुरू होंगे।

·         अगस्त: नशा विरोधी संदेश देने वाले पोस्टर मेकिंग मुकाबले और नशा-मुक्त रैलियां निकाली जाएंगी।

·         सितंबर: शिक्षक-अभिभावक बैठक (PTM) के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा।

·         अक्टूबर-नवंबर: कविता पाठ, नशा विरोधी क्विज़ प्रतियोगिताएं, स्थानीय समुदाय के लोगों के साथ अनुभव साझा करने के सत्र और नुकसान संबंधी सेमिनार आयोजित होंगे।

·         जनवरी-फरवरी: नए साल में दोबारा शपथ दिलाई जाएगी, स्लोगन लेखन मुकाबले होंगे और फरवरी में छात्रों के लिए रिस्क और प्रभावों पर आधारित विशेष ‘इंटरएक्टिव सेशंस’ आयोजित किए जाएंगे।

हेल्पलाइन नंबर और ‘MY Bharat’ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि स्कूल के नोटिस बोर्ड और प्रचार सामग्री पर नशा मुक्त भारत अभियान का लोगो, शुभंकर (Mascot), हेल्पलाइन नंबर 14446 और शपथ वाला QR कोड लगाना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही सीनियर छात्रों और एनएसएस (NSS) वॉलंटियर्स को ‘MY Bharat’ पोर्टल (mybharat.gov.in) पर ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में पंजीकृत होने के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि जमीनी स्तर की रिपोर्ट रियल-टाइम दर्ज हो सके।

सभी स्कूलों को इन गतिविधियों का पूरा रिकॉर्ड मेंटेन करना होगा और फोटो व वीडियो समेत अपनी नियमित रिपोर्ट SCERT की आधिकारिक ईमेल पर भेजनी होगी। इस संबंध में अधिक विस्तृत जानकारी आधिकारिक अधिसूचना संबंधित सर्कुलर फाइलों से प्राप्त की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here