
इस्लामाबाद (द स्टैलर न्यूज़)। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में मुजफ्फराबाद के निकट पाकिस्तान आर्मी एविएशन के एक एमआई-17 हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी कर्मियों की मौत हो गई। सेना ने यह जानकारी दी।

पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा ‘इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस’ (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, ‘‘इस हादसे में कोई भी जीवित नहीं बच पाया।’’ इसने हालांकि मृतकों की संख्या नहीं बताई। बयान के अनुसार यह दुर्घटना हेलीकॉप्टर के ‘‘उड़ान भरते समय तकनीकी खराबी के कारण’’ हुई।
बयान में कहा गया कि बचाव और राहत दल तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। दुर्घटना के वास्तविक तकनीकी कारण का पता लगाने के लिए एक ‘बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी’ का आदेश दिया गया है। आईएसपीआर ने कहा कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और सेना के अधिकारियों ने ‘‘लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और शोक-संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट की।’












