
रूपनगर (द स्टैलर न्यूज़), ध्रुव नारंग। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रूपनगर एवं प्रख्यात समाजसेवी सरदार अजयवीर सिंह लालपुरा ने नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच पंजाब से संबंधित मीडिया, पत्रकारिता तथा जनसंचार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श हुआ।
मुलाकात के दौरान सरदार अजयवीर सिंह लालपुरा ने पंजाब में मीडिया की वर्तमान स्थिति, क्षेत्रीय पत्रकारों के समक्ष आने वाली चुनौतियों, निष्पक्ष एवं जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता तथा तेजी से बढ़ते डिजिटल मीडिया के प्रभाव संबंधी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र, निष्पक्ष और जिम्मेदार मीडिया अत्यंत आवश्यक है, जो जनता की आवाज को सरकार तक तथा सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करता है।

डॉ. एल. मुरुगन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मीडिया की स्वतंत्रता, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा तथा सूचना के क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्रीय मीडिया को और अधिक सशक्त बनाने तथा पत्रकारों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है।
दोनों नेताओं के बीच पंजाब के पत्रकारों की सुरक्षा, मीडिया संस्थानों के आधुनिकीकरण, नई तकनीकों के उपयोग तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विश्वसनीय एवं तथ्य आधारित पत्रकारिता को प्रोत्साहित करने संबंधी विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
अजयवीर सिंह लालपुरा ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरुगन का धन्यवाद करते हुए कहा कि पंजाब से जुड़े मीडिया के मुद्दों के प्रति उनकी संवेदनशील सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण राज्य के मीडिया जगत के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के सहयोग से मीडिया और पत्रकार समुदाय के हितों की और अधिक प्रभावी ढंग से रक्षा की जा सकेगी।
इस अवसर पर लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी सहमति व्यक्त की गई तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावशाली ढंग से जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।












