
दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना करते हुए उसे ‘भस्मासुर देश’ करार दिया और कहा कि जब उसका अपना ही राक्षस उसे डसता है तो वह हैरान होता है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन की प्रथम सचिव अनुपमा सिंह ने कड़ी टिप्पणी तब की जब पाकिस्तान और इस्लामिक सहयोग संगठन (ओआईसी) ने संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त की वार्षिक रिपोर्ट पर हुई चर्चा के दौरान जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया। सिंह ने कहा, ‘जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। एकमात्र अनसुलझा मुद्दा भारतीय क्षेत्रों पर पाकिस्तान का अवैध कब्ज़ा और उनका वापस किया जाना है।’ सिंह ने यह भी कहा कि पाकिस्तान एक ऐसा देश है जिसके मौजूदा रक्षा मंत्री ‘सरकारी नीति के तौर पर आतंकवादियों को पनाह देने, उन्हें प्रशिक्षण देने और तैनात करने का दावा करते हैं।’

सिंह ने कहा, ‘भारतीय क्षेत्रों पर बुरी नज़र रखने के बजाय, पाकिस्तान के लिए बेहतर यही होगा कि वह अपने घर को ठीक करे, जिससे उसका और उसके लोगों का भला हो सके।’ अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को ‘अप्रासंगिक’ बताया। उन्होंने कहा, ‘यह अतार्किक है कि जो देश नीति के रूप में आतंकवाद का की मदद लेता है, वह सद्भावना और मित्रता पर टिके सहयोग के विशेषाधिकारों की मांग जारी रखे।’ अप्रैल 2025 में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद दशकों पुरानी इस संधि को निलंबित कर दिया गया था। सिंह ने यह भी कहा कि 1960 में हुई किसी संधि को ऐसा स्थायी अधिकार नहीं माना जा सकता जो जवाबदेही से परे हो।












