Friday, October 23, 2026
Home Hoshiarpur योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर: संजीव अरोड़ा

योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर: संजीव अरोड़ा

होशियारपुर (द स्टेलर न्यूज़)। भारत विकास परिषद की ओर से प्रधान एवं प्रमुख समाजसेवी संजीव अरोड़ा के नेतृत्व में शहीद ऊधम सिंह पार्क में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उमंग एवं जनभागीदारी के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों, महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योगाभ्यास किया। योग प्रशिक्षक एच. के. नकड़ा व मैडम वनीता के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

Advertisements

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत विकास परिषद के प्रधान संजीव अरोड़ा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच के लिए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाना आवश्यक है। अरोड़ा ने बताया कि भारत विकास परिषद ने आज से योग को अपने स्थायी प्रकल्प के रूप में अपनाने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत नियमित रूप से योग शिविर एवं योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर निरोग जीवन अपना सकें। यह अभियान आने वाले वर्षों तक निरंतर जारी रहेगा और अरोड़ा ने कहा कि परिषद का उद्देश्य केवल एक दिन योग दिवस मनाना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को योग के प्रति जागरूक कर स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देना है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग के लिए निकालने की अपील की।

इस अवसर पर  योग प्रशिक्षक एच. के. नकड़ा व मैडम वनीता ने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव संभव है तथा व्यक्ति के जीवन में अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने कहा कि परिषद द्वारा योग को स्थायी प्रकल्प बनाए जाने से समाज में स्वास्थ्य जागरूकता को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला सरसंघ चालक अशोक चोपड़ा ने कहा कि युवाओं को विशेष रूप से योग के साथ जोड़ने की आवश्यकता है। वर्तमान समय में मोबाइल, कंप्यूटर और अनियमित दिनचर्या के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि एकाग्रता, सकारात्मक सोच और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है। उन्होंने परिषद के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए भी लाभदायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने प्रतिदिन योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज में योग के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। अंत में परिषद के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया और विश्वास व्यक्त किया कि भारत विकास परिषद का यह स्थायी योग प्रकल्प समाज को स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। योग दिवस कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ हुआ।इस अवसर पर रजिंद्र मोदगिल, अश्वनी कुमार दत्ता, मदन लाल महाजन, तरसेम मोदगिल, विनोद पसान, रविंद्र भाटिया, जगदीश अग्रवाल, नवीन कोहली, रमेश खट्टर, गरीश मक्कड़, इंद्रजीत, मोहिंद्र मेहता, रवि दत्त, राजेश, लक्की, पवन अरोड़ा, शकुंतला, सोनिया काजल, गुरदीप, जसवीर, वनीता, रोजी, सरोज, सुरिन्द्र, अनीता, भावना व अन्य उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here