Saturday, October 24, 2026
Home National गूगल प्ले स्टोर पर फिर बहाल हुआ ‘Telegram’

गूगल प्ले स्टोर पर फिर बहाल हुआ ‘Telegram’

दिल्ली (द स्टैलर न्यूज़)। गूगल ने मैसेजिंग ऐप ‘टेलीग्राम’ को प्ले स्टोर पर फिर से बहाल कर दिया है। केंद्र सरकार द्वारा लगाया गया अस्थायी प्रतिबंध 22 जून की मध्यरात्रि को समाप्त होने के बाद कंपनी ने यह कदम उठाया। हालांकि, मंगलवार सुबह 10 बजे तक यह एप्पल के ‘ऐप स्टोर’ पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध नहीं था। इस संबंध में भेजे गए ईमेल का एप्पल की तरफ से तत्काल कोई जवाब नहीं आया है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की पुनर्परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने से रोकने के मकसद से गूगल और एप्पल को 22 जून तक अपने प्लेटफॉर्म से ‘टेलीग्राम’ हटाने के निर्देश दिए थे।

Advertisements

यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा देशभर के मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। इससे पहले, 3 मई को हुई परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें अब तक किसी धांधली की खबर नहीं है। सरकार ने एक अन्य कड़े निर्देश में टेलीग्राम से कहा है कि वह 30 जून तक भारत में पहले से भेजे गए संदेशों को ‘एडिट’ (संपादित) करने की सुविधा बंद रखे, ताकि पेपर लीक से जुड़े मामलों में साक्ष्यों के दुरुपयोग को रोका जा सके। इस प्रतिबंध से पहले 3 जून को सरकारी अधिकारियों और टेलीग्राम के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई थी, जिसमें सुरक्षा संबंधी चिंताओं को उठाया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here