
रूपनगर (द स्टैलर न्यूज़), रिपोर्ट-ध्रुव नारंग। रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल ने रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए अपनी नई कार्यकारिणी का पदभार ग्रहण समारोह गुरुद्वारा श्री तिब्बी साहिब में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किया। इस अवसर पर डा. शैलेश शर्मा ने क्लब के अध्यक्ष तथा सीए कपिल वोहरा ने क्लब सचिव के रूप में पदभार संभाला। समारोह में क्लब के सदस्य अजीत सिंह, कुलतार सिंह, रुमिंदर सिंह सहित अनेक गणमान्य रोटेरियन उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अध्यक्ष डा. शैलेश शर्मा ने कहा कि क्लब समाज सेवा की भावना के साथ पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं तथा क्लब की प्रमुख रोटरी नर्सरी परियोजना को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि नई टीम समर्पण, पारदर्शिता और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से क्षेत्र में सकारात्मक एवं स्थायी सामाजिक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर सहायक गवर्नर डा. नम्रिता परमार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल एवं सेवा-समर्पित कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रोटरी क्लब रोपड़ सेंट्रल रोटरी के आदर्श वाक्य “सेवा ही सर्वोपरि” को सार्थक करते हुए समाजहित में नवाचारपूर्ण एवं जनकल्याणकारी परियोजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन करेगा।












