
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट (नीरज धीमान)। पंजाब के स्कूली छात्रों के लिए अपनी तार्किक और विश्लेषणात्मक क्षमताओं को राष्ट्रीय स्तर पर साबित करने का एक सुनहरा अवसर सामने आया है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद, पंजाब ने पहली से बारहवीं कक्षा के छात्रों के लिए ‘नेशनल मैथमेटिक्स ओलंपियाड 2026’ के संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को आधिकारिक निर्देश जारी कर दिए हैं। मैथमेटिक्स रिसर्च फाउंडेशन द्वारा आयोजित की जा रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश भर के 500 से अधिक शीर्ष विद्यालय हिस्सा ले रहे हैं।

सभी बोर्ड के छात्र ले सकेंगे हिस्सा
यह ओलंपियाड राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के ढांचे के अनुरूप और एनसीईआरटी के पाठ्यक्रम पर आधारित है। इसमें पंजाब के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के छात्र स्वेच्छा से भाग ले सकते हैं, चाहे वे किसी भी बोर्ड (CBSE/ICSE/स्टेट बोर्ड) से संबद्ध हों।
परीक्षा का प्रारूप और महत्वपूर्ण तिथियां
· परीक्षा का स्वरूप: पहले चरण की परीक्षा स्कूल स्तर पर ऑफलाइन आयोजित होगी। सभी प्रश्न बहुविकल्पीय (MCQ आधारित) होंगे, जिन्हें हल करने के लिए 1 घंटे का समय मिलेगा।
· पंजीकरण शुल्क: परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन शुल्क ₹150 तय किया गया है। इसमें से ₹25 प्रति छात्र की राशि स्कूल परीक्षा के संचालन खर्च के रूप में अपने पास रखेंगे।
· परीक्षा की तारीखें: इसके लिए 24 अगस्त, 23 सितंबर, 28 अक्टूबर और 25 नवंबर 2026 की तिथियां निर्धारित की गई हैं। स्कूलों को चुनी गई तारीख से कम से कम 20 दिन पहले अपना पंजीकरण पूरा करना होगा।
विजेताओं को मिलेगा ‘आर्यभट्ट पुरस्कार’
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी छात्रों को सहभागिता प्रमाणपत्र दिया जाएगा। अंतर्राष्ट्रीय और क्षेत्रीय स्तर पर शीर्ष स्थान हासिल करने वाले मेधावी छात्रों को नकद पुरस्कार, पदक और प्रतिष्ठित ‘आर्यभट्ट पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, बेहतरीन मार्गदर्शन देने वाले शिक्षकों को ‘भास्कराचार्य पुरस्कार’ से नवाजा जाएगा। पंजीकृत छात्रों को तैयारी के लिए सिलेबस और सैंपल पेपर्स आधिकारिक वेबसाइट www.mathsolympiad.in पर उपलब्ध करवाए जाएंगे।












