Wednesday, October 28, 2026
Home Hoshiarpur 35 हजार निर्दोष हिंदुओं को न्याय दिलाने के लिए होशियारपुर से निकलेगा...

35 हजार निर्दोष हिंदुओं को न्याय दिलाने के लिए होशियारपुर से निकलेगा विशाल न्याय मार्च: राजेंद्र राणा

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। शिवसेना हिंदुस्तान के पंजाब उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा की अध्यक्षता में संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन गुप्ता द्वारा आतंकवाद के दौर में मारे गए लगभग 35 हजार निर्दोष हिंदुओं को न्याय दिलाने के लिए चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान को होशियारपुर से प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। राजेंद्र राणा ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी सामाजिक, धार्मिक एवं हिंदू संगठनों, व्यापार मंडलों, बुद्धिजीवियों, युवा संगठनों तथा समस्त शहरवासियों को साथ लेकर होशियारपुर में एक विशाल न्याय मार्च निकाला जाएगा। इस मार्च का उद्देश्य आतंकवाद के पीड़ित निर्दोष हिंदुओं को श्रद्धांजलि अर्पित करना, उनके परिवारों को न्याय दिलाने की मांग उठाना तथा सरकार का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करना होगा।

Advertisements

उन्होंने कहा कि आतंकवाद के काले दौर में पंजाब ने अनेक दर्दनाक घटनाएं देखीं। राजेंद्र राणा ने कहा कि पंजाब के आतंकवाद के दौर की अनेक दर्दनाक घटनाएं आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं।राणा ने कहा कि बसों से यात्रियों को उतारकर उनकी पहचान के आधार पर निर्दोष हिंदुओं की हत्याएं की गईं। कई स्थानों पर स्वचालित हथियारों से हमले हुए। उस दौर में भय का ऐसा माहौल था कि अनेक परिवारों ने पंजाब छोड़ने का निर्णय लिया। इन घटनाओं की पीड़ा आज भी उन परिवारों और क्षेत्रों के लोगों के मन में जीवित है।

राजेंद्र राणा ने कहा कि आतंकवाद के इन पीड़ितों की स्मृतियों और उनके परिवारों के साथ न्याय होना आवश्यक है। यदि पंजाब में स्थायी अमन-शांति, विश्वास और भाईचारे का वातावरण स्थापित करना है, तो आतंकवाद के सभी निर्दोष पीड़ितों के लिए बिना किसी भेदभाव के न्याय सुनिश्चित करना होगा। लगभग 35 हजार निर्दोष हिंदू परिवारों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से शुरू किया जा रहा यह अभियान उसी दिशा में पहला कदम है।बिट्टू लंगेरी ने कहा कि अनेक निर्दोष लोगों की जान गई और कई परिवारों ने अपनों को खोया। ऐसे पीड़ित परिवारों को आज भी न्याय की अपेक्षा है। लंगेरी ने कहा कि शिवसेना हिंदुस्तान का मानना है कि आतंकवाद के सभी निर्दोष पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए और उनकी पीड़ा को भुलाया नहीं जाना चाहिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि न्याय मार्च के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार को 11 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा जाएगा। इसमें आतंकवाद के पीड़ित परिवारों को न्याय, सम्मानजनक पुनर्वास, लंबित मामलों की समीक्षा, एक विशेष आयोग के गठन, तथा पंजाब के शहीद हिन्दू परिवारों के लिए ₹5,100 करोड़ के विशेष आर्थिक पैकेज की मांग प्रमुख रूप से शामिल रहेगी।

राजेंद्र राणा ने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों तथा शहरवासियों से इस न्याय मार्च में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि न्याय, शांति और आतंकवाद के निर्दोष पीड़ितों की स्मृति को सम्मान देने का अभियान है। राणा ने कहा कि सभी नागरिकों के सहयोग से यह आवाज सरकार तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाएगी, ताकि पीड़ित परिवारों को न्याय मिल सके और पंजाब में स्थायी शांति, भाईचारे एवं विश्वास का वातावरण और अधिक मजबूत हो।

प्रमुख रूप से काका होशियारपुरिया, अनिल, मोनू, जैकी, यशपाल सिद्धू, राजिंदर कुमार, राजकुमार, आशीष ठाकुर, राम गुप्ता, आकाश दीप, बिट्टू लंगेरी, करण किला, करण नरू नंगल तथा जशन सहित अन्य शिवसेना हिंदुस्तान के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here