
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर से जावेद खान प्रवासी विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष वर्मा जी की अगुवाई में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित अरोड़ा जी के निवास स्थान पर शिवसेना लॉयन में शामिल हुए। इस अवसर पर शिवसेना लॉयन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित अरोड़ा जी, राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील कुमार बंटी जी तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता हेमंत प्रताप सिंह जी ने जावेद खान को भगवा सिरोपा डालकर शिव सेना लॉयन में विधिवत शामिल किया और उनका जोरदार स्वागत किया। शिव सेना लॉयन में शामिल होने के साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित अरोड़ा जी और राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील कुमार बंटी जी ने जावेद खान पर विश्वास जताते हुए उन्हें पंजाब कार्यकारिणी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की।

नवनियुक्त पंजाब कार्यकारिणी अध्यक्ष जावेद खान ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि जिस प्रकार वह पहले भी हिंदुत्व और समाज के हक की आवाज बुलंद करते आए हैं, उसी प्रकार अब शिवसेना लॉयन के मंच से और अधिक जोश तथा मजबूती के साथ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने कहा कि वह हर वर्ग और हर जरूरतमंद व्यक्ति को साथ लेकर चलेंगे। शासन-प्रशासन की ओर से जिन लोगों को इंसाफ नहीं मिल रहा, उनकी आवाज बनकर उनके हक की लड़ाई लड़ेंगे। अन्याय, अत्याचार और जनहित के मुद्दों पर कभी पीछे नहीं हटेंगे।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित अरोड़ा जी और राष्ट्रीय चेयरमैन सुनील कुमार बंटी जी ने कहा कि जावेद खान के संगठन में शामिल होने से होशियारपुर सहित पूरे पंजाब में शिवसेना लॉयन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि संगठन सदैव सनातन धर्म, हिंदू समाज और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा।












