
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। सेवामुक्त लेक्चरर बलजीत पराशर ने धन्वंतरी वैद्य मंडल द्वारा रघुनाथ मंदिर में चलाई जा रही निशुल्क डिस्पेंसरी के लिए दवाइयां भेंट की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि धन्वंतरी वैद्य मंडल जिस लगन और सेवा भाव से लोगों की स्वास्थ्य संबंधित सेवा कर रहा है उससे वह बहुत प्रभावित हुए हैं। आज के दौर में किसी को स्वास्थ्य लाभ देना सबसे बड़ा पुण्य का काम है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने समर्थ अनुसार निशुल्क डिस्पेंसरी के लिए दवाइयां जरूर देनी चाहिए। कई बार लोग बिना इलाज के अपने रोग को लाइलाज कर लेते हैं।

आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली का कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होता। इस मौके पर धनवंतरी वैद्य मंडल के प्रधान सुमन कुमार सूद ने कहा कि लोगों की मदद से ही यह डिस्पेंसरी चल रही है। वैद्य मंडल के बहुत से सदस्य इसमें अपना योगदान डालते हैं। इस स्थान पर धन्वंतरी वैद्य मंडल की मासिक मीटिंग भी आयोजित की जाती है जिसमें जटिल बीमारियों को दूर करने के लिए अपने अनुभव सांझे किए जाते हैं। उन्होंने धन्वंतरी वैद्य मंडल को दवाइयां देने के लिए बलजीत पराशर का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर इंद्रजीत कौर, चमन लाल तथा अन्य सदस्य भी मौजूद थे।












