
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे से पहले पंजाब की राजनीति गरमा गई है। एक ओर प्रधानमंत्री जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के लिए पंजाब पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर होशियारपुर में यूथ कांग्रेस के नेता रिशु आदिया और जिला यूथ कांग्रेसी प्रधान रोहिनिश ओहरी को पुलिस ने उनके घरों पर पहुंचकर नजरबंद कर दिया। जानकारी के मुताबिक, पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं को फगवाड़ा पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने का आह्वान किया था।

यह प्रदर्शन कथित नीट पेपर लीक मामले और उससे जुड़े 21 विद्यार्थियों की आत्महत्या के मुद्दे को लेकर किया जाना था। हालांकि, प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पंजाब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं को घर से बाहर निकलने से रोक दिया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन करने का आरोप लगाया। दौरे के बीच हुई इस कार्रवाई ने पंजाब के सियासी माहौल को और गर्मा दिया है।












