Saturday, October 31, 2026
Home Hoshiarpur होशियारपुर ओपन चेस टूर्नामेंट में 250 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, पुनीत वर्मा...

होशियारपुर ओपन चेस टूर्नामेंट में 250 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, पुनीत वर्मा बने ओपन वर्ग के विजेता

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। होशियारपुर चेस क्लब की ओर से रविवार को करण विक्रम पैलेस, भारवांई रोड, होशियारपुर में प्रथम होशियारपुर ओपन चेस टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में लगभग 250 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 46 अंतरराष्ट्रीय रेटेड (FIDE Rated) खिलाड़ी भी शामिल थे। प्रतियोगिता का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें आयोजकों और खिलाड़ियों ने एकजुट होकर भाग लिया। पूरे दिन चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपनी सूझबूझ, रणनीति, धैर्य और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में लगभग 80 प्रतिशत खिलाड़ी होशियारपुर जिले से थे, जबकि शेष प्रतिभागी पंजाब के विभिन्न जिलों के अलावा जम्मू और राजस्थान से विशेष रूप से हिस्सा लेने पहुंचे। छह आयु वर्गों में आयोजित इस टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि 35,000 रुपए रखी गई थी, जिससे प्रतियोगिता को प्रदेश स्तर पर विशेष पहचान मिली।

Advertisements

ओपन वर्ग में अशोक वर्मा के पुत्र पुनीत वर्मा ने 5 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। पारस शर्मा दूसरे तथा तनवीर कौर तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 वर्ग में अंश ने 4.5 अंकों के साथ प्रथम, रिजुल जायसवाल ने द्वितीय तथा मनमयजीत सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-15 वर्ग में श्रेयांश जैन ने 5 अंकों के साथ पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि वीर इंदर सिंह दूसरे और अर्निका ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-11 वर्ग में रोनित ने प्रथम, जानिश अग्रवाल ने द्वितीय तथा रणवीर सिंह ने तृतीय स्थान हासिल किया। अंडर-9 वर्ग में आरुष सिंह ने 4.5 अंकों के साथ पहला, सात्विक गुप्ता ने दूसरा और तविश जायसवाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-7 वर्ग में भवांशी जलोटा ने 5 अंकों के साथ प्रथम, देवांसी सिंगल ने द्वितीय तथा वेदार्थ जैन ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विजेताओं को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रत्येक आयु वर्ग में बेस्ट गर्ल प्लेयर पुरस्कार भी प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में सबसे कम आयु की खिलाड़ी चार वर्षीय तरिनी तथा सबसे अधिक आयु के खिलाड़ी दलजीत सिंह अरोड़ा को विशेष सम्मान से नवाजा गया। खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ग में चौथे स्थान से लेकर अंतिम स्थान तक सभी प्रतिभागियों को पदक प्रदान किए गए।

टूर्नामेंट के दौरान परमजीत सिंह सचदेवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर होशियारपुर चेस क्लब के सदस्य डॉ. रणजीत सिंह, कमलजीत सिंह, गोरेश सैनी, बलविंदर सिंह सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। होशियारपुर चेस क्लब के अध्यक्ष डॉ. रणजीत सिंह ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि मानसिक विकास, तार्किक सोच और निर्णय क्षमता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में बच्चों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से दूर रखकर रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसे टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ अनुशासन, धैर्य और खेल भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि होशियारपुर चेस क्लब भविष्य में भी नियमित रूप से शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहेगा, ताकि जिले के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हो सके।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट को सफल बनाने में मनजोत सिंह, ओपनीत सिंह धामी, राजेश रतन तथा राकेश उप्पल ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया, जिसके लिए क्लब ने उनका विशेष आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अभिभावकों, सहयोगियों और प्रायोजकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के टूर्नामेंटों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से दूर रखते हुए उन्हें बौद्धिक खेलों की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी प्रतिवर्ष तीन से चार शतरंज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे जिला होशियारपुर में शतरंज के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिल सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here