
होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज़)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), होशियारपुर द्वारा 4 अगस्त 2026 को हेमराज कपूर मेमोरियल सभागार, डीएवी कॉलेज, होशियारपुर में भव्य टॉपर सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में होशियारपुर शहर की लगभग 40 शिक्षण संस्थाओं के करीब 400 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में 10वीं, 12वीं, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा कोचिंग संस्थानों के विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाना और अन्य युवाओं को भी शिक्षा तथा मेहनत के लिए प्रेरित करना है।
एबीवीपी पंजाब के प्रदेश सह मंत्री अंकित कुंदरा ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विद्यार्थियों का सम्मान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में शिक्षा, मेहनत और उत्कृष्टता की भावना को मजबूत करने का एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने, मेहनत करने और देश के विकास में अपना योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।
एबीवीपी होशियारपुर ने शहर के सभी नागरिकों, शिक्षाविदों, स्कूल एवं कॉलेजों के प्राचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा विद्यार्थियों से इस समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है। परिषद ने विश्वास जताया कि यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करने के साथ-साथ समाज में शिक्षा और उत्कृष्टता की भावना को भी मजबूत करेगा।











