Sunday, October 4, 2026
Home Hoshiarpur विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए पंजीकरण शुरू, 30 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 के लिए पंजीकरण शुरू, 30 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन

होशियारपुर (द स्टैलर न्यूज), रिपोर्ट-नीरज धीमान। देशभर के स्कूली छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और विज्ञान के क्षेत्र में भारत के योगदान से अवगत कराने के उद्देश्य से ‘विद्यार्थी विज्ञान मंथन’ 2026-27 परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। विज्ञान भारती (विभा) द्वारा आयोजित इस डिजिटल प्रतिभा खोज परीक्षा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कक्षा 6वीं से 11वीं तक के इच्छुक विद्यार्थी 30 सितंबर 2026 तक इसके आधिकारिक पोर्टल (https://vvm.org.in/) पर जाकर अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।

Advertisements

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय (स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग) ने सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा विभागों, सीबीएसई, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। इसी कड़ी में, पंजाब के राज्य शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने भी राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि वे छात्रों और अभिभावकों को इस परीक्षा के बारे में जागरूक करें और स्वेच्छा से भाग लेने वाले छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं।

परीक्षा की प्रमुख विशेषताएं:

· पात्रता: देश के किसी भी मान्यता प्राप्त स्कूल के कक्षा 6वीं से 11वीं के छात्र इसमें भाग ले सकते हैं।

· पंजीकरण शुल्क: परीक्षा के लिए प्रति छात्र पंजीकरण शुल्क ₹200 निर्धारित किया गया है।

· अंतिम तिथि: ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 है।

· मुख्य उद्देश्य: छात्रों में शुद्ध विज्ञान के प्रति रुचि जगाना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास करना और भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान से परिचित कराना।

यह एक डिजिटल-आधारित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है, जो उभरते भारत के बाल वैज्ञानिकों की खोज करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित की जा रही है। शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक बच्चों को इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here